national
'50 की जगह सिर्फ ₹7 बढ़ाए डीजल के दाम', PM मोदी बोले- हर महीने 14 हजार करोड़ नुकसान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में किसानों, कृषि अर्थव्यवस्था, ग्रामीण विकास और सरकार की नीतियों को लेकर कई अहम बातें कहीं. मिडिल ईस्ट में युद्ध के खतरे के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी का बोझ खुद उठाया. उन्होंने कहा कि दूसरे देशों में डीजल 40 से 50 प्रतिशत तक महंगा हुआ, लेकिन भारत में ऐसा नहीं होने दिया गया. इसके अलावा उन्होंने कृषि विकास, किसानों की आय, गरीबी में कमी और प्राकृतिक खेती को लेकर भी अपनी बात रखी.
पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में युद्ध के खतरे और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ ही हफ्तों में क्रूड ऑयल 70 डॉलर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था. इससे भारत के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी.
12-13 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबी को लेकर विश्व बैंक की एक स्टडी का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. उन्होंने कहा कि इस अध्ययन में ग्रामीण इलाकों में गरीबी तेजी से घटने की बात भी सामने आई है. इसका मतलब है कि बड़ी संख्या में छोटे किसान और खेतों में काम करने वाले मजदूर गरीबी से बाहर निकलने में सफल हुए हैं.
आजादी के बाद पहली बार कृषि विकास दर 4% से ऊपर
पीएम मोदी ने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में भारत की कृषि विकास दर 4 प्रतिशत से ऊपर रही है.उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद यह पहला दशक है, जब देश के कृषि क्षेत्र ने औसतन 4 प्रतिशत से अधिक की विकास दर हासिल की है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इसी दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. कृषि क्षेत्र की तरक्की का सीधा लाभ किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिला है.
कृषि निर्यात 4 लाख करोड़ रुपये के पार, दूध उत्पादन में 70% की वृद्धि
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत का कृषि निर्यात अब सालाना 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है. इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिली है. उन्होंने कहा कि भारत दूध, दाल, जूट और चावल के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है. वहीं गेहूं, कपास, फल, सब्जियों और मछली उत्पादन में भारत दूसरे स्थान पर है. मोटे अनाज के उत्पादन में भी भारत दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक है.
पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देश का दूध उत्पादन करीब 70 प्रतिशत बढ़ा है. अंडा उत्पादन में लगभग 90 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि मछली उत्पादन दोगुने से भी अधिक हो गया है.
हरित, श्वेत और नीली क्रांति से बदली खेती की तस्वीर
पीएम मोदी ने भारत की कृषि यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के लिए हरित क्रांति का ऐतिहासिक कदम उठाया था. इसके बाद श्वेत क्रांति ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना दिया. वहीं नीली क्रांति के माध्यम से मछली उत्पादन में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई.
8 करोड़ से अधिक किसानों के पशुओं को मुफ्त टीका
पीएम मोदी ने पशुधन की सुरक्षा को लेकर सरकार की पहल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पशुओं को मुंहपका-खुरपका (Foot and Mouth Disease) जैसी बीमारियों से बचाने के लिए 8 करोड़ से अधिक किसानों के पशुओं को मुफ्त टीके लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान देशवासियों को मुफ्त वैक्सीन दी गई थी. इसी तरह सरकार पशुओं की सेहत का भी ध्यान रख रही है.
खेती में इंजीनियरिंग और नई तकनीक को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत खेती में इंजीनियरिंग की भूमिका को लगातार बढ़ा रहा है. कृषि वैज्ञानिक, इंजीनियर और युवा मिलकर ऐसे उपकरण और मशीनें विकसित कर रहे हैं, जिनसे खेती की लागत कम करने में मदद मिल रही है. उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से खेती को ज्यादा आसान, किफायती और लाभकारी बनाया जा सकता है.
किसानों से केमिकल मुक्त प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने तथा केमिकल मुक्त प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि धरती माता को बचाने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है. पीएम मोदी का जोर खेती को पर्यावरण के अनुकूल बनाने, मिट्टी की उर्वरता बचाने और किसानों की लागत घटाने पर रहा.
संविधान और लोकतंत्र पर भी विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री मोदी नेअपने संबोधन में विपक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आजकल कुछ लोग संविधान को अपनी जेब में लेकर घूमते हैं, मानो संविधान और लोकतंत्र पर सिर्फ उनका ही अधिकार हो. पीएम मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य को आर्थिक प्रदर्शन की एक रैंकिंग में पहला स्थान मिलने का किस्सा सुनाया. उन्होंने दावा किया कि उस समय दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों को गुजरात को मिली इस उपलब्धि पर आपत्ति थी और उन्होंने रिपोर्ट प्रकाशित करने से पहले अपनी मंजूरी लेने का निर्देश दिया था.
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी की किताब 12 करोड़ लोगों ने खरीद ली! 1200 करोड़ रुपये की कमाई? सोशल मीडिया पर वायरल दावे की सच्चाई