national
इंदिरा-फिरोज की शादीशुदा जिंदगी में थी दूसरी महिला? सोनिया गांधी की किताब से खुला रिश्ते का राज

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पति फिरोज गांधी की शादीशुदा जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए. उनके रिश्ते में सिर्फ प्यार ही नहीं, बल्कि नाराजगी, मतभेद और एक-दूसरे के प्रति गहरा भावनात्मक लगाव भी था. दोनों के बीच मतभेद इस कदर बढ़ गए थे कि अलग रहने तक की नौबत आ गई थी.
इंदिरा और फिरोज के रिश्ते से जुड़े कई ऐसे पहलू हैं, जो अब भी अनकहे हैं. हालांकि, समय-समय पर उनके वैवाहिक जीवन से जुड़े कई किस्से सामने आते रहे हैं. इसी कड़ी में उनके रिश्ते का एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है, जिसका जिक्र सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक Belonging: A Journey of Love में किया है.
1942 में हुई थी इंदिरा और फिरोज की शादी
इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी की शादी 1942 में हुई थी. शादी के दो वर्ष बाद अगस्त 1944 में इंदिरा गांधी पहली बार मां बनी और राजीव गांधी का जन्म हुआ और उसके दो वर्ष बाद दिसंबर 1946 में संजय गांधी का जन्म हुआ था. यह वो दौर था जब देश आजादी की लड़ाई लड़ रहा था.आजादी के बाद जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने और इंदिरा गांधी उनकी राजनीतिक तथा आधिकारिक जिम्मेदारियों में सहयोग करने लगीं.
सोनिया गांधी अपनी किताब में लिखती हैं, समय के साथ इंदिरा की जिम्मेदारियां बढ़ती गईं. उन्हें अपने पिता के साथ देश-विदेश के दौरों पर जाना पड़ता था, जबकि फिरोज अपनी दूसरी जिम्मेदारियों के कारण उनके साथ नहीं जा पाते थे. सोनिया अपनी किताब में लिखती हैं कि पिता के काम में इंदिरा की जिम्मेदारियों को समझते हुए, फिरोज ने शुरुआत में तो इसके लिए सहमति दे दी थी, लेकिन समय के साथ-साथ दोनो के रिश्तों में तालमेल बिठाना मुश्किल होने लगा.
सोनिया गांधी, इंदिरा के स्टाफ का हिस्सा रहीं जैमी आंटी के हवाले से लिखती हैं कि आधिकारिक मेजबान होने के नाते औपचारिक डिनर में प्रोटोकॉल के अनुसार, इंदिरा को उनके पिता प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बगल में बैठाया जाता था, जबकि फिरोज को उनसे काफी दूर या लंबी मेज के आखिरी छोर के पास जगह मिलती थी. फिरोज के दोस्त और दूसरे लोग लोग इस बात पर मजाक उड़ाते और चिढ़ाते थे.
यह फिरोज को अच्छा नहीं लगता और वो अक्सर इससे आहत हो जाते हैं. जिसका नतीजा हुआ कि इससे दोनों के बीच दूरी बढ़ने लगी.
इंदिरा से अलग रहने लगे थे फिरोज गांधी
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखती है कि 1950 के दशक के मध्य में फिरोज गांधी एक अलग सरकारी आवास में रहने लगे थे. शादीशुदा जिंदगी से दूर वे अब दोस्तों और महिलाओं की संगत पसंद करने लगे थे और सामाजिक जीवन में काफी सक्रिय हो गए थे.
सोनिया लिखती है, इंदिरा ने एक मित्र को लिखे पत्र में फिरोज की कमियों का जिक्र करते हुए कहा था कि हर इंसान में कमियां होती हैं, लेकिन इससे उनके मन में फिरोज के प्रति प्रेम कम नहीं होता. इस पत्र में इंदिरा ने यह भी लिखा था कि उन्हें इस बात से परेशानी नहीं है कि फिरोज किसके साथ बाहर जाते हैं या क्या करते हैं, बशर्ते वे उन्हें इसकी जानकारी दें, ताकि उन्हें दूसरों से कोई मनगढ़ंत कहानी न सुननी पड़े.
दरअसल, हुआ ऐसा कि इंदिरा के साथ रिश्तों बढ़ती दूरियों के बीच फिरोज का किसी महिला के साथ गंभीर रिश्ता बन गया था. सोनिया किताब में लिखती हैं कि इंदिरा ने उन्हें बताया था कि फिरोज के इस रिश्ते से इंदिरा को बहुत तकलीफ हुई और फिर एक जबरदस्त झगड़े के बाद वे दोनों औपचारिक रूप से अलग होने के बारे में सोचने लगे.
हालांकि, इंदिरा चाहती थीं कि नेहरू इस मामले में फिरोज से बात करें, क्योंकि उन्हें ऐसा लगता था कि फिरोज को किसी ऐसे व्यक्ति से इस बारे में बात करनी चाहिए जिस पर वह भरोसा करता हो. नेहरू ने इंदिरा की बात मान लीं और उन्होंने फिरोज को समझाया, जिसके बाद फिरोज ने इंदिरा से अलग होने का विचार को छोड़ दिया. हालांकि मामला अभी खत्म नहीं हुआ था.
सोनिया गांधी लिखती हैं कि राजीव गांधी ने फिरोज के इस अवैध रिश्ते का, कई बार उनसे जिक्र किया था. वो लिखती हैं कि राजीव को अपने पिता के साथ बिताया गया समय बहुत याद आता था, राजीव पिता के साथ बिताए समय को याद करते हुए कहते हैं कि राजीव ने मुझे बताया था कि उनके सरकारी अवास पक कभी-कभी वहां एक महिला भी मौजूद होती थी, लेकिन उन्होंने कभी उसका नाम नहीं बताया. शायद उन्हें वह नाम पता नहीं था, या फिर वे उसे याद नहीं करना चाहते थे.
बीमारी के दौरान फिर करीब आए दोनों
सोनिया गांधी लिखती हैं कि 1958 में फिरोज गांधी को दिल का दौरा पड़ा. इस समय इंदिरा अपने पिता नेहरू के साथ भूटान गई हुई थी, लेकिन फिरोज की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर वापस लौट आईं और उनकी देखभाल करने लगीं. वहीं 1959 में जब इंदिरा को गुर्दे की पथरी के लिए ऑपरेशन कराना पड़ा, तब फिरोज भी लगातार उनके साथ रहे. इसके बाद दोनों के बीच पुरानी दूरियां कम होने लगीं. इस दौरान वर्ष 1960 में पूरा परिवार कश्मीर घूमने भी गया.हालांकि, दोनों का यह साथ ज्यादा दिनों तक नहीं रह सका. सितंबर 1960 में फिरोज गांधी को दोबारा दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया. उस समय उनकी उम्र महज 48 वर्ष थी.
इंदिरा के पत्र में झलका था फिरोज को खोने का दर्द
इंदिरा गांधी के निजी जीवन को समझने के लिए उनके पत्र भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। सरकारी प्रकाशन विभाग की पत्रिका 'योजना' के 1 मार्च 1976 के अंक में फिरोज गांधी की मृत्यु के बाद इंदिरा द्वारा लिखे गए एक पत्र का अंश प्रकाशित हुआ था. इस पत्र में इंदिरा ने अपने दुख को व्यक्त करते हुए लिखा था कि वह बेहद अकेला और दुखी महसूस कर रही हैं. उन्होंने दोनों के बीच वर्षों तक रहे मतभेदों और झगड़ों का भी जिक्र किया था. प्रकाशित अंश के मुताबिक, इंदिरा लिखती हैं, तमाम मतभेदों के बावजूद उनके बीच का दोस्ती का बंधन कमजोर नहीं हुआ था.
सोनिया गांधी को बताया था इंदिरा ने मन का दर्द
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि इंदिरा और फिरोज के बीच भले ही कई बार गंभीर झगड़े हुए और दोनों कुछ समय तक अलग रहे, लेकिन उनके बीच का भावनात्मक रिश्ता कभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ. सोनिया लिखती हैं, इंदिरा ने उनसे एक बार कहा था कि फिरोज के अलावा वह किसी और से शादी नहीं कर सकती थीं. वह उनके जीवन के इकलौते ऐसे व्यक्ति थे, जिनसे उन्होंने प्रेम किया था.
सोनिया ने यह भी बताया कि जब उन्होंने अपनी छोटी बहन के वैवाहिक जीवन में आ रही परेशानियों का जिक्र किया, तब इंदिरा ने सलाह दी थी कि गुस्से या दुख की स्थिति में अलग होने जैसा फैसला नहीं लेना चाहिए. उन्हें फिरोज से अलग होने का हमेशा अफसोस रहा.