Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष के मुंह पर पोती स्याही:इंटरव्यू में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप; तिवारी ने वीडियो जारी कर मांगी थी माफी

INT News26 October 2026 at 04:43 pm

भोपाल के भवानी चौक (पीर गेट) पर सोमवार दोपहर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के साथ कुछ युवकों ने झूमाझटकी की और उनके मुंह पर स्याही पोत दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। तिवारी पर एक इंटरव्यू के दौरान अनुसूचित जाति के लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। विवाद के बाद उन्होंने इसे गलती बताते हुए वीडियो जारी कर माफी भी मांगी थी। घटना के बाद तिवारी ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले युवकों ने खुद को अनुसूचित जाति का बताया था। उन्होंने कहा कि वे सनातन धर्म के लिए काम करते रहेंगे और किसी धमकी से पीछे नहीं हटेंगे। तिवारी बोले- गर्दन काटने की धमकी से नहीं रुकूंगा घटना के बाद चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म को तोड़ने वालों के सामने वे झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, "तुमने गर्दन काटने की धमकी दी है। जब तक गर्दन नहीं काटोगे, तब तक सनातन का काम करता रहूंगा। मैं हिंदू समाज का था, हिंदू समाज का हूं और हिंदू समाज का रहूंगा।" उन्होंने हमला करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। उनका कहना है कि समर्थकों के साथ कोतवाली थाने पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर किए जा रहे ये दावे घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे किए जा रहे हैं। इनमें कहा जा रहा है कि झांकियों के दौरान सख्ती और डीजे पर पाबंदी के पीछे तिवारी की पुलिस के साथ कथित मिलीभगत थी। इसी से नाराज लोगों ने उनके मुंह पर कालिख पोती। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। चल समारोह के दौरान पुलिस से भिड़े थे तिवारी चंद्रशेखर तिवारी हाल ही में प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने की कार्रवाई को लेकर विवादों में आए थे। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को खरी-खोटी सुनाई थी। मौके पर समझाइश दे रहे मंगलवारा थाना प्रभारी अजय सोनी से भी उनकी बहस हुई थी। बताया गया था कि तिवारी ने कार्रवाई रोकने की चेतावनी दी थी। बात नहीं मानने पर उन्होंने शहर को जलाने तक की धमकी दी थी। इस घटनाक्रम के बाद से ही डीजे पर कार्रवाई और पुलिस की भूमिका को लेकर विवाद चर्चा में रहा है।