समाचार · मध्य प्रदेश
आज शाम करोंद में होगा मटकी फोड़ मुकाबला:अदा शर्मा, चंकी पांडे और राजपाल यादव रहेंगे मौजूद
जन्माष्टमी के मौके पर आज 6 सितंबर, रविवार को भोपाल के करोंद चौराहे पर मटकी फोड़ का रोमांच देखने को मिलेगा। पिछले 20 वर्षों से आयोजित हो रही मध्य प्रदेश की बड़ी और लोकप्रिय मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन शाम 7 बजे से भगत सिंह चौराहा, करोंद पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से गोविंदा टीमें हिस्सा लेंगी। विजेता टीम को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। मटकी फोड़ आयोजन समिति के प्रमुख एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुमित पचौरी ने बताया कि इस बार आयोजन में बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा, अभिनेता चंकी पांडे और राजपाल यादव शामिल होंगे। वहीं प्रसिद्ध भजन गायक प्रमोद त्रिपाठी अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।
आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। गोविंदा टीमों के बीच मटकी फोड़ को लेकर जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा। पिछले वर्षों में भी फिल्म और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां इस आयोजन में शामिल हो चुकी हैं।