समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर में नौकरी का झांसा देकर 11 लाख की ठगी:अकादमी संचालक ने युवक से 5 लाख, दो युवतियों से 3-3 लाख लिए; शिकायत के बाद FIR
इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एविएशन सेक्टर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक युवक ने अकादमी संचालक पर उससे 5 लाख रुपए और दो युवतियों से नौकरी लगवाने के नाम पर 3-3 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, भोलाराम उस्ताद मार्ग निवासी सौरभ ठाकुर ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि आनंद नगर स्थित श्री हरिगोपाल कॉम्प्लेक्स के ऑफिस नंबर 102 में संचालित ब्लू मून एविएशन एकेडमी के संचालक अमित कुमार सिन्हा ने एविएशन सेक्टर में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 5 लाख रुपए लिए, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई। सौरभ ने बताया कि वह एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की नौकरी के लिए अकादमी में एडमिशन लेने पहुंचा था। उस समय अमित सिन्हा ने बताया कि नई बैच मार्च 2027 से शुरू होगी। इसके बाद सौरभ ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। दो दिन बाद उसने अमित को कॉल किया तो उसने बताया कि इंटरव्यू के लिए मुंबई जाना पड़ेगा। इसके लिए 2 लाख रुपए फीस बताई और ऑनलाइन राशि भेजने को कहा, ताकि उसका नाम आगे भेजा जा सके। काफी दिन तक अमित का कोई कॉल नहीं आया। इसके बाद सौरभ ने दोबारा संपर्क किया तो उसने दिल्ली आने और बिना इंटरव्यू के सीधे जॉइनिंग कराने की बात कही। इसके लिए 3 लाख रुपए मांगे गए। सौरभ ने ऑनलाइन 3 लाख रुपए भेज दिए, लेकिन इसके बाद भी जॉइनिंग के लिए कोई कॉल नहीं आया। करीब एक सप्ताह पहले सौरभ जब अकादमी के ऑफिस पहुंचा तो वहां उसे राज जोशी मिले। राज ने बताया कि उसकी मंगेतर तनु श्री मेहरा और उसकी मित्र साक्षी निखिलजे भी इसी तरह की धोखाधड़ी का शिकार हुई हैं। आरोप है कि तनु मेहरा से 3 लाख रुपए और साक्षी निखिलजे से भी 3 लाख रुपए एविएशन सेक्टर में नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए। इसके बाद सौरभ ठाकुर, राज जोशी और साक्षी निखिलजे भंवरकुआं थाने पहुंचे। तीनों ने अमित सिन्हा के खिलाफ कुल 11 लाख रुपए लेने की शिकायत की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।