समाचार · मध्य प्रदेश
छांव में बैठी डॉग को रॉड से पीट-पीटकर मार डाला:पैर रस्सी से बांधे, सिर पर रॉड से किए वार; दुकानदार और कर्मचारी पर केस
ग्वालियर में दुकान के बाहर छांव में बैठने पर एक फीमेल स्ट्रीट डॉग को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मारने का मामला सामने आया है। एनिमल लवर और समाजसेविका की शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने आरोपी दुकानदार और उसके कर्मचारी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। रस्सी से बांधे पैर, सिर पर रॉड से किए वार घटना 17 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे की कोतवाली थाना क्षेत्र की दही मंडी में चेला जी का अखाड़ा के पास की है। समाजसेविका बबीता शर्मा को सूचना मिली कि दही मंडी में एक डॉग लहूलुहान हालत में मृत पड़ा है। वह मौके पर पहुंचीं तो फीमेल डॉग के चारों पैर रस्सी से बंधे थे और सिर से खून निकल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, डॉग दोपहर में तेज धूप से बचने के लिए आरोपी पंकज रस्तोगी की दुकान के बाहर छांव में बैठती थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पंकज ने अपने कर्मचारी के साथ मिलकर डॉग को पकड़ा और उसके पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद दोनों ने लोहे की रॉड से उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में कई हड्डियां टूटने की पुष्टि सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाया। पुलिस ने डॉग का पोस्टमार्टम कराया। इसमें शरीर की कई हड्डियां टूटने और सिर में गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद बबीता शर्मा और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में डॉग का अंतिम संस्कार किया गया। दुकानदार और कर्मचारी पर केस दर्ज कोतवाली थाना सर्किल की सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि दही मंडी में स्ट्रीट डॉग को छांव में बैठने की बात पर लोहे की रॉड से पीटकर मारने का मामला सामने आया है। एनिमल लवर की शिकायत पर आरोपी दुकानदार पंकज रस्तोगी और उसके साथी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच कर रही है।