समाचार · हरियाणा
रोहतक DTP ने ध्वस्त कराया अवैध निर्माण:बिना अनुमति के बनाया, ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने हुई कार्रवाई, पुलिस बल तैनात किया
रोहतक जिले के सांपला में अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (DTP), रोहतक द्वारा लगातार तोड़-फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत बुधवार को गांव इस्माइला-9बी में एक अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। तोड़-फोड़ की इस कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार, रोहतक कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नायब तहसीलदार, सांपला ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। अवैध कॉलोनियों में निवेश न करने की अपील जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी जीवनभर की जमा पूंजी को अवैध निर्माणों अथवा डीलर/भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की विभागीय कार्रवाई प्रशासन द्वारा समय-समय पर अमल में लाई जाती रहेगी। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि अपनी पूंजी का निवेश करने से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस को आकर आवश्यक पूछताछ कर लें।