समाचार · मध्य प्रदेश
शक्कर कारखाने के लिए MLA का अनशन,22 को जिला बंद:पांचवें दिन महापंचायत में किसानों की हुंकार, कहा-आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे
मुरैना में शक्कर कारखाने को बचाने और किसानों के हितों से जुड़ी मांगों को लेकर विधायक पंकज उपाध्याय का आमरण अनशन बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को लेकर शक्कर कारखाना परिसर में किसानों की महापंचायत आयोजित की गई। इसमें आंदोलन को आगे बढ़ाने और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, आम नागरिक, समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए। सभी ने शक्कर कारखाने को बचाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को समर्थन देने की बात कही। महापंचायत में आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए 22 अगस्त को संपूर्ण मुरैना जिला बंद रखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। किसानों और आंदोलन से जुड़े लोगों ने कहा कि मांगों को लेकर आंदोलन को अब गांव-गांव और शहर तक पहुंचाया जाएगा। विभिन्न संगठनों और नेताओं ने दिया समर्थन महापंचायत में राष्ट्रीय किसान महासभा और अखिल भारतीय गन्ना किसान संगठन के सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी, मेवाराम जाटव, पूर्व विधायक गोहद, कांग्रेस कमेटी ग्वालियर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरी, समाजवादी पार्टी के नेता बीरबल कैम, मधुराज सिंह तोमर, कांग्रेस कमेटी मुरैना के जिलाध्यक्ष, दीपक शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी मुरैना सहित कई लोग मौजूद रहे। पांच दिन में डेढ़ किलो वजन कम, शुगर भी गिर रही आमरण अनशन पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय का बुधवार को डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में पांच दिनों के दौरान उनका डेढ़ किलो वजन कम पाया गया। इसके साथ ही उनका ब्लड शुगर लगातार गिर रहा है, जबकि ब्लड प्रेशर बढ़ने की बात सामने आई है। डॉक्टरों की टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच कर स्थिति पर निगरानी बनाए रखी।