Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

बठिंडा में 15 मिनट की बारिश से सड़कें बनीं तालाब:कमला नेहरू कॉलोनी समेत कई इलाकों में जलभराव, स्कूल आने-जाने में परेशानी

INT News19 August 2026 at 06:46 pm

बठिंडा शहर में बुधवार को महज 15 से 20 मिनट की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण शहर में मौसम शुष्क था और लोग गर्मी से परेशान थे। बुधवार को हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कुछ इलाकों में तेज बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। स्थानीय लोग बोले- डेंगू जैसी बीमारियों को लेकर चिंता बढ़ी कमला नेहरू कॉलोनी, बसंत विहार और भारत नगर के कुछ हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया। इसके अलावा कुछ निजी स्कूलों के परिसर में भी बारिश का पानी घुस गया। इससे बच्चों को स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने में परेशानी हुई। अभिभावकों को भी बच्चों को लाने-ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही शहर की सड़कों पर पानी जमा होना जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने प्रशासन से नालियों और सीवरेज की सफाई करवाकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों में डेंगू जैसी बीमारियों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।