समाचार · मध्य प्रदेश
नीमच सिटी पुलिस ने 40 किलो डोडाचूरा पकड़ा:3 तस्कर गिरफ्तार, गुजरात नंबर की अर्टिगा कार भी जब्त
नीमच सिटी पुलिस को मंगलवार रात नीमच-मनासा रोड से सफेद रंग की अर्टिगा कार से 40 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया। कार सवार तीन तस्करों को मौके से ही गिरफ्तार किया गया। जब्त डोडाचूरा और कार समेत पूरे सामान की कीमत 12 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है। बुधवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया। नीमच सिटी थाना प्रभारी विजय सागरिया ने बताया कि 18 अगस्त की रात नीमच-मनासा मार्ग पर पुलिस थाने के सामने गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान मनासा की ओर से आ रही गुजरात नंबर की अर्टिगा कार (GJ15CH5412) को रोककर तलाशी ली गई। 3 आरोपी हुए गिरफ्तार कार की तलाशी में काले रंग के दो प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें 40 किलोग्राम डोडाचूरा भरा था। पुलिस ने मौके से आरोपी कृष्णपाल सिंह उर्फ राहुल झाला (27), रघुवीर उर्फ रघु सोलंकी (35) और देवी सिंह सोलंकी (32) को गिरफ्तार कर लिया। 12 लाख 10 हजार रुपए का सामान जब्त पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त सामान में 6 लाख रुपए का डोडाचूरा, 6 लाख रुपए की अर्टिगा कार और 10 हजार रुपए के दो मोबाइल फोन शामिल हैं। रिमांड पर लेगी पुलिस पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।