Sunday, 16 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जुन्नारदेव जनपद पंचायत में ध्वजारोहण को लेकर विवाद:जनपद अध्यक्ष ने सीईओ पर प्रोटोकॉल उल्लंघन का लगाया आरोप

INT News16 August 2026 at 02:45 pm

छिंदवाड़ा में स्वतंत्रता दिवस पर जुन्नारदेव जनपद पंचायत में ध्वजारोहण को लेकर विवाद सामने आया है। जनपद पंचायत अध्यक्ष सविता अशोक भोसम ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पर प्रशासनिक प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया है। अध्यक्ष ने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अध्यक्ष का आरोप- आने से दो मिनट पहले करा दिया ध्वजारोहण अध्यक्ष सविता भोसम ने शिकायत में कहा कि 15 अगस्त को जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण का कार्यक्रम निर्धारित था। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भी मौके पर मौजूद थे। अध्यक्ष के अनुसार, वह भी तय समय पर कार्यक्रम में पहुंच रही थीं। आरोप है कि उनके कार्यालय पहुंचने से करीब दो मिनट पहले ही CEO ने ध्वजारोहण करा दिया। अध्यक्ष ने कहा कि निर्वाचित अध्यक्ष की मौजूदगी और उपाध्यक्ष के मौके पर रहने के बावजूद जल्दबाजी में ध्वजारोहण कराया जाना जनप्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ है। प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप शिकायत में अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व पर जनपद पंचायत कार्यालय में ध्वजारोहण के लिए तय प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर उन्हें ध्वजारोहण से वंचित किया गया। अध्यक्ष ने इसे पंचायती राज व्यवस्था में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकार और सम्मान की उपेक्षा बताया है। अध्यक्ष ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की अध्यक्ष ने शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रोटोकॉल की अवहेलना के लिए संबंधित CEO के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और भविष्य में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकार व सम्मान सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। अध्यक्ष ने घटना को एक निर्वाचित आदिवासी महिला जनप्रतिनिधि की उपेक्षा और पद के सम्मान से जुड़ा मामला बताया है। इस मामले में CEO का पक्ष जानने के लिए उन्हें कॉल किया गया। हालांकि, उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।