Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बलरामपुर में मूसलाधार बारिश, नदी-नाले उफान पर:कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ा, जनजीवन प्रभावित, 24 घंटे से लगातार बारिश, प्रशासन ने जारी की सतर्कता

INT News14 August 2026 at 07:41 pm

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार वर्षा के चलते जिले के अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं कन्हर नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही। कई स्थानों पर जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल और बाजार भी हुए प्रभावित लगातार बारिश का असर स्कूलों और बाजारों पर भी देखने को मिला। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें स्कूल भेजने से परहेज किया, जिससे विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही। वहीं बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखाई दी। कन्हर का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता लगातार बारिश के कारण कन्हर नदी समेत जिले के कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और उफनती नदी या नालों के करीब नहीं जाने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से बारिश के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।