समाचार · झारखंड
रामरेखा धाम की गौरवगाथा अब किताब में, स्मारिका में इतिहास से पर्यटन तक की जानकारी

Ramrekha Dham Simdega. श्रीरामरेखा धाम की धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को अक्षरों में संजोने की पहल की गयी है. इसी कड़ी में द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव की स्मारिका का विमोचन मंगलवार को समाहरणालय सभागार में किया गया. उपायुक्त कंचन सिंह, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, परियोजना निदेशक आइटीडीए सरोज तिर्की और भूमि सुधार उप समाहर्ता अरुणा कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्मारिका का विमोचन किया.
जिले की धार्मिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत
यह स्मारिका केवल महोत्सव की गतिविधियों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि इसमें सिमडेगा जिले की धार्मिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक चेतना, साहित्यिक अभिव्यक्ति और पर्यटन की संभावनाओं को भी समेटा गया है. इसमें श्रीरामरेखा धाम की महिमा, उससे जुड़ी धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक संदर्भों, साहित्यिक रचनाओं, जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और धाम में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी गयी है. इसका उद्देश्य जिले की समृद्ध विरासत को नयी पीढ़ी तक पहुंचाना और सिमडेगा की विशिष्ट पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाना है.
रामरेखा धाम के इतिहास और मान्यताओं को मिली जगह
स्मारिका में श्रीरामरेखा धाम के इतिहास और धार्मिक महत्ता को विशेष स्थान दिया गया है. प्रचलित धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वनवास काल में भगवान श्रीराम, माता सीता और भगवान लक्ष्मण का इस स्थल पर आगमन हुआ था. इसमें रामरेखा धाम की खोज और इसके ऐतिहासिक विकास में वीरू राजघराने के योगदान का भी उल्लेख है. साथ ही स्वर्गीय आचार्य रमापति द्वारा रचित ‘रामरेखा महात्म्य’ का विस्तृत विवेचन किया गया है.
उपायुक्त की रचना भी स्मारिका का हिस्सा
स्मारिका का एक विशेष आकर्षण उपायुक्त कंचन सिंह द्वारा रचित ‘श्रीरामरेखा धाम स्तुति’ है. इसके अलावा धाम से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं, कथाओं और दर्शनीय स्थलों की जानकारी भी दी गयी है. सिमडेगा के प्रमुख पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है.
विकास कार्यों की तस्वीर भी शामिल
स्मारिका के अंतिम भाग में श्रीरामरेखा धाम में कराये जा रहे विकास कार्यों और उससे बदलती धाम की तस्वीर को दर्शाया गया है. इसके माध्यम से धाम की धार्मिक-ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ पर्यटन स्थल के रूप में उसकी संभावनाओं को भी सामने लाने का प्रयास किया गया है.