समाचार · मध्य प्रदेश
राजगढ़ में दिव्यांगों का प्रदर्शन:पेंशन और विवाह प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर निकाली स्वाभिमान रैली, कई महिनों से अटकी पेंशन
राजगढ़ जिले के 60 से अधिक दिव्यांगजन मंगलवार को अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। सभी दिव्यांग पहले खिलचीपुर नाके पर एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने नारेबाजी करते हुए स्वाभिमान रैली निकाली। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। यहां कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने पहुंचे दिव्यांगों को कलेक्टर के मौजूद नहीं होने पर एसडीएम निधि भारद्वाज को ज्ञापन देना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगजन करीब दो घंटे तक सड़क पर अपनी मांगों के समर्थन में डटे रहे। इसके बाद भी वे करीब आधे घंटे तक कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के बाहर बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। कई महिनों से रुकी हुई थी दिव्यांगों की पेंशन
दिव्यांग संघ के जिला अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के कई दिव्यांगों को पिछले तीन से चार महीने से दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। इसके अलावा निशक्त विवाह प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी पिछले चार महीने से लंबित है, जिससे पात्र हितग्राहियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में ईएनटी तथा मूक-बधिर दिव्यांगों के प्रमाणपत्र बनाने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं होने से दिव्यांगों को पिछले एक वर्ष से भोपाल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद कई लोगों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र अब तक नहीं बन सके हैं। ज्ञापन में समय पर दिव्यांग पेंशन और निशक्त विवाह प्रोत्साहन राशि का भुगतान, जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने की व्यवस्था आसान करने सहित 11 सूत्री मांगें शामिल हैं। एसडीएम निधि भारद्वाज ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों को शासन तक पहुंचाने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद दिव्यांगजन शांतिपूर्वक प्रदर्शन समाप्त कर वापस लौट गए।