समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर मंडी में सोयाबीन की बोरी चोरी का VIDEO:बोरी ले जाते दिखे दो संदिग्ध युवक, घटना व्यापारियों ने किया विरोध
शाजापुर शहर की कृषि उपज मंडी में सोयाबीन की बोरी चोरी का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद मंगलवार दोपहर 2 बजे के करीब मंडी प्रशासन ने पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मंडी अध्यक्ष किरण ठाकुर ने बताया कि रविवार को मंडी से सोयाबीन की एक बोरी चोरी हुई थी। इसके बाद सोमवार को मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में दो संदिग्ध युवक मंडी से सोयाबीन की बोरी चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दिए। इसके आधार पर मंडी प्रबंधन ने संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद कृषि उपज मंडी के व्यापारियों में भी नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों ने मंगलवार दोपहर 2 बजे मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपकर चोरी की घटना की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने और मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। मंडी प्रशासन ने कहा है कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दी गई है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और सुदृढ़ किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।