समाचार · झारखंड
आदिवासी दिवस: 9 अगस्त को रांची की इन सड़कों से होकर न गुजरें वरना पड़ेगा पछताना, खड़े-खड़े तेल देंगे फूंक

रांची से राजेश कुमार/ प्रणव की रिपोर्ट
अगर आप झारखंड की राजधानी में रांची में रहते हैं और आप गाड़ी से ऑफिस या बाजार जाते हैं तो आपके लिए महत्वपूर्ण खबर है. रांची में आप 9 अगस्त को कुछ विशेष सड़कों से होकर न गुजरें. अगर आप ऐसा करते हैं तो ये आपके लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है आपको घंटों जाम पर खड़ा रहना पड़ेगा और सड़क पर खड़े-खड़े आपकी गाड़ी का तेल जल जाएगा. आपकी सुविधा के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी किया है. 9 अगस्त को महोत्सव के तहत भव्य 'जतरा' निकाली जाएगी, जो जेल चौक, करमटोली चौक, एस०एस०पी० आवास मोड़ और गुटका चौक होते हुए बापू वाटिका मोराबादी तक जाएगी. इस दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
इन रास्तों पर सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक नो-व्हीकल जोन
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि 9 अगस्त को सुबह 08.00 बजे से दोपहर 02.00 बजे तक जतरा कार्यक्रम के दौरान जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका मोराबादी तक सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर पूर्ण रोक रहेगी.
ये भी पढ़ें: RIMS में विभागाध्यक्षों के रोटेशन पर ब्रेक, 60 डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री और सचिव को लिखा पत्र
कहां पार्क होंगी गाड़ियां: जानें पार्किंग स्थल
यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान मोराबादी: खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ तथा रातू, कांके व पिठोरिया की ओर से आने वाले वाहन कांके रिंग रोड, चांदनी चौक, राम मंदिर होते हुए यहां पहुंचेंगे. इसके अलावा शहर के आंतरिक इलाकों (धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू, अरगोड़ा) से आने वाले वाहन न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एसएसपी आवास चौक, एटीआई मोड़ व सिद्धू कान्हू मोड़ होते हुए यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क किए जा सकेंगे.
टीआरआई मैदान (मंदिर मैदान): बोड़या रोड की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग टीआरआई मैदान में होगी.
डीआईजी मैदान (बरियातू): टाटीसिलवे, खेलगावं, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की तरफ से आने वाले वाहन डीआईजी मैदान में खड़े होंगे.
ये भी पढ़ें: स्थानांतरण आदेश पर झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन-स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने उठाए सवाल, सरकार से पुनर्विचार की मांग
ट्रैफिक पुलिस की आम जनता से अपील
स्थिति के अनुसार अन्य मार्गों पर भी वाहनों का परिचालन कुछ समय के लिए डायवर्ट या रोका जा सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि 9 अगस्त को जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपीआवास चौक और मोराबादी के आसपास के मार्गों पर चारपहिया वाहनों का उपयोग न करें. केवल अति-आवश्यक या विशेष परिस्थिति में ही चारपहिया वाहन लेकर निकलें.