समाचार · मध्य प्रदेश
शराब पकड़वाने के शक में महिला पर तलवार-फरसे से हमला:दूसरे पक्ष ने भी SP ऑफिस में की शिकायत; सागर से गैंग बुलाकर हमला कराने का आरोप
सागर जिले के राहतगढ़ में अवैध शराब पकड़वाने के शक में 38 वर्षीय महिला पर तलवार और फरसे से हमला कर दिया गया। घर के बाहर हुई इस वारदात में रिंकी कोरी गंभीर घायल हो गईं। उन्हें पहले राहतगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर किया गया। घटना 9 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे वार्ड क्रमांक-8 की है। महिला ने इस मामले में FIR दर्ज कराई है। महिला के पति लीलाधर कोरी के मुताबिक, जितेंद्र उर्फ जीतू कोरी, सचिन, सौरभ, रजनीकांत समेत अन्य लोग उनके घर पहुंचे थे। आरोपियों को शक था कि उनका परिवार अवैध शराब पकड़वाता है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और सभी ने मिलकर रिंकी पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। CCTV में तलवार से 4-5 वार करते दिखे युवक घटना के सामने आए एक मिनट के CCTV फुटेज में रिंकी पहले खुद को और बच्चे को बचाते हुए भागती नजर आती हैं। कुछ देर बाद हथियार लेकर पहुंचे युवक उन पर हमला करते हैं। एक युवक तलवार से 4 से 5 वार करता है। इसके बाद दूसरा युवक भी हमला करता है। महिला के गिरने के बाद आरोपी घर के गेट पर भी हमला करते दिखाई देते हैं। दूसरे पक्ष ने भी SP ऑफिस में की शिकायत
दूसरी ओर, इस मामले में जितेंद्र उर्फ जीतू कोरी की बहन चांदनी कोरी ने मंगलवार को SP ऑफिस में आवेदन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 6-7 महीने से उनके परिवार के साथ लगातार घटनाएं हो रही हैं। चांदनी के मुताबिक, 9 नवंबर को सागर शहर से 56 गैंग के लोगों को बुलाकर उनके घर पर हमला कराया गया। इसमें उनके भाई जितेंद्र और परिवार को निशाना बनाया गया। परिवार पर हमला कराने का आरोप चांदनी ने अपने आवेदन में रामकुमार पप्पू तिवारी समेत कई लोगों पर हमला कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि घटना के वीडियो फुटेज और गाड़ियों को पुलिस ने जब्त किया है। आवेदन में मोहल्ले के एक अन्य व्यक्ति पर भी चाकू से हमला कराने का आरोप लगाया गया है। उनके मुताबिक, वह फिलहाल मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती है। जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग चांदनी ने आवेदन में विष्णु कोरी, प्रभा कोरी, राधा कोरी और रामलखन कोरी समेत अन्य लोगों के नाम लिखे हैं। उन्होंने परिवार के साथ भविष्य में कोई घटना होने पर आवेदन में नामजद लोगों को जिम्मेदार बताया है। चांदनी ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।