Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

बल्लभगढ़ में दुकान के बाहर फायरिंग:पिस्टल से हवा में सात राउंड गोली चलाई, कार में सवार होकर पहुंचे, दुकान पर बैठा था दुकानदार

INT News27 August 2026 at 07:53 pm

फरीदाबाद जिले में बल्लभगढ़ के आदर्श नगर इलाके में दबंगई और खुलेआम हथियार लहराने का मामला सामने आया है। आदर्श नगर की 24 फीट रोड, गली नंबर-12 में एक दुकान के सामने कथित तौर पर शराब के नशे में पहुंचे युवकों ने पहले गाली-गलौज और धमकी दी और इसके बाद लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। आरोप है कि, युवराज नामक युवक ने करीब सात राउंड हवाई फायर किए। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद शिकायतकर्ता पवन कुमार ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है और हथियार की जांच समेत सख्त कार्रवाई की मांग की है। पवन कुमार के अनुसार, 25 अगस्त की शाम वह आदर्श नगर की 24 फीट रोड स्थित अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान युवराज, उसके चाचा दीपक समेत करीब 15 से 20 लोग वहां पहुंचे। दुकान के बाहर गाड़ियां खड़ी की आरोप है कि सभी लोग नशे की हालत में थे और उन्होंने दुकान के सामने अपनी गाड़ियां खड़ी कर दी। इसके बाद युवराज और दीपक कथित तौर पर पवन से बिना किसी वजह के बहस करने लगे। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज में बदल गई। पवन का आरोप है कि विवाद के दौरान उन्हें धमकी दी गई कि ज्यादा बोलने या विरोध करने पर गोली मार दी जाएगी। इसके बाद जब वह वहां से जाने लगे तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना जारी रखा। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान पवन ने आरोपियों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर इतनी हिम्मत है तो गोली मारकर दिखाओ। आरोप है कि इसके बाद युवराज ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकालकर हवा में करीब सात राउंड फायर कर दिए। गोलियां चलते ही दुकानों से बाहर निकले दुकानदार एक के बाद एक गोलियां चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से चले गए। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसे पुलिस जांच में अहम साक्ष्य माना जा सकता है। पवन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में पुरानी रंजिश का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि वर्ष 2024 में युवराज के पिता की दुकान उनकी दुकान के पास थी। उस दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पवन के मुताबिक, उस विवाद में युवराज, पारस और उसके चाचा दीपक भी शामिल हुए थे और मारपीट तक की नौबत आ गई थी। आरोप है कि इसी घटना के बाद से आरोपी पक्ष उनके प्रति रंजिश रखता है। पुलिस कर रही मामले की जांच शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि घटना में इस्तेमाल किए गए लाइसेंसी हथियार की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि हथियार से कितने राउंड फायर किए गए। साथ ही वीडियो फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों के बयान के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। आदर्श नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर कार्यालय से शिकायत थाने को प्राप्त हुई है। शिकायत में धमकी देने और फायरिंग के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस टीम मौके पर जाकर घटनास्थल की जांच कर रही है। फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान, उनके ठिकाने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।