Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीवरेज चेंबर में जहरीली गैस से सफाईकर्मी की मौत:उज्जैन में कर्मचारी को बचाने उतरे दो बेहोश, एसपी ने रेस्क्यू टीम बुलाकर बाहर निकलवाया

INT News7 July 2026 at 03:51 pm

उज्जैन के पीपली नाका क्षेत्र में मंगलवार सुबह सीवरेज चेंबर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में नीचे उतरे दो अन्य कर्मचारी भी बेहोश हो गए। मौके से गुजर रहे उज्जैन पुलिस अधीक्षक की तत्परता और रेस्क्यू टीम की मदद से दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार पीपली नाका स्थित सीवरेज चेंबर जाम होने की सूचना पर सुबह करीब 11 बजे टाटा कंपनी के सीवरेज प्रोजेक्ट से जुड़े सफाईकर्मी अशोक, गोपाल डाबी और रमेश चौहान जेटिंग मशीन के साथ सफाई के लिए पहुंचे थे। सबसे पहले अशोक चेंबर में उतरा, लेकिन पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया और जहरीली गैस की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए गोपाल डाबी चेंबर में उतरा, लेकिन वह भी गैस के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद रमेश चौहान दोनों को निकालने के लिए नीचे गया, लेकिन वह भी गैस की वजह से अचेत हो गया। एसपी ने रुकवाई गाड़ी, तुरंत शुरू कराया रेस्क्यू घटना के दौरान काल भैरव मंदिर की ओर जा रहे पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा की नजर मौके पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और डायल-112, थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस तथा नगर निगम के कर्मचारियों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। रेस्क्यू टीम ने तीनों कर्मचारियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अशोक की मौत हो चुकी थी। वहीं गोपाल डाबी और रमेश चौहान को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। कलेक्टर और निगम आयुक्त पहुंचे मौके पर घटना की जानकारी मिलते ही उज्जैन कलेक्टर रौशन सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारियों का हालचाल जाना। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि मृतक कर्मचारी के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि घटना के समय मौके पर जिम्मेदार अधिकारी कौन था और कर्मचारियों को बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के सीवरेज चेंबर में क्यों उतारा गया। ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल हादसे के बाद सीवरेज कार्य का जिम्मा संभाल रही टाटा कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा उपकरण नहीं होने की बात आई सामने पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कर्मचारियों ने चेंबर में उतरते समय सुरक्षा मास्क सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग नहीं किया था। उन्होंने कहा कि समय रहते रेस्क्यू शुरू होने से दो कर्मचारियों की जान बचाई जा सकी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।