समाचार · पंजाब
3 माह में नशा मुक्त का वादा, पर बढ़ाया नशा:नशा मुक्त पंजाब यात्रा में बीजेपी का मान सराकर हमला, सभा पीड़ित मां का दर्द छलका
पंजाब को नशे के जाल से निकालने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में निकाली जा रही 'ड्रग-फ्री पंजाब यात्रा' अपने 9वें दिन तरनतारन पहुंची। इस दौरान प्रदेश में फैले नशे की जाल को खत्म करने को लेकर संकल्प दोहाराया गया इस मौके पर आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, पूर्व मंत्री सुरजीत कुमार जियाणी, बीजेपी उपाध्यक्ष रविकरण सिंह कहलों और हलका इंचार्ज हरजीत सिंह संधू समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने वर्तमान मान सरकार पर तीखे हमले किए। औलख का हमला- वादे पूरे करने में नाकाम रही पंजाब सरकार रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख ने कहा कि वर्ष 2022 में तीन महीने के भीतर पंजाब को ड्रग-फ्री बनाने का वादा किया गया था, लेकिन साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी स्थिति सुधरने की बजाय और विकराल हो गई है। उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 2017 में योगी सरकार के आने के बाद राजनीतिक इच्छाशक्ति और सख्त कानून-व्यवस्था के दम पर अपराध पर लगाम लगाई गई। पंजाब पुलिस बेहद सक्षम है, लेकिन उसे बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के स्वतंत्र रूप से काम करने की आजादी मिलनी चाहिए। औलख ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बीजेपी पंजाब की आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जियाणी बोले- ड्रग्स सिर्फ सामाजिक नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुरजीत कुमार जियाणी ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे में धकेलना केवल सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। सीमा पार से ड्रोन के जरिए आ रहे ड्रग्स का मकसद हमारी युवा शक्ति और सुरक्षा को कमजोर करना है। राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती डकैतियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि जनता को झूठे वादों और नशे की राजनीति से ऊपर उठकर मतदान की ताकत का सही इस्तेमाल करना होगा। केंद्र सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे धारा 370 को हटाकर असंभव को संभव बनाया गया, वैसे ही पंजाब को भी सुरक्षित और खुशहाल बनाया जाएगा। केवल वादे नहीं, सप्लाई पर लगेगी सख्त रोक रविकरण कहलों व हरजीत संधू प्रदेश उपाध्यक्ष रविकरण सिंह कहलों और हलका इंचार्ज हरजीत सिंह संधू ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) सरकारों ने केवल दावे किए, जबकि जमीनी हकीकत आज भी पंजाब के परिवारों के दर्द में साफ झलकती है। बीजेपी की योजना केवल बातें करने की नहीं, बल्कि ड्रग्स की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने, प्रभावित युवाओं का सही इलाज कराने और उनके पुनर्वास की पुख्ता व्यवस्था करने की है। सब रो पड़े जब एक पीड़ित मां का छलका दर्द कार्यक्रम के दौरान चंदो के सरहाली की रहने वाली गुरमीत कौर ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया, “मेरा एक बेटा नशे के इंजेक्शन से जान गंवा चुका है और दूसरा आज भी मेरी आंखों के सामने नशे की चपेट में है। मान सरकार और स्थानीय विधायक भुल्लर ने कुछ नहीं किया। मेरी बस एक ही गुहार है—नशे का यह कारोबार बंद करो ताकि किसी और मां का घर न उजड़े।” रैली में मीना तरनाइच समेत अन्य नेताओं ने भी विचार व्यक्त किए और पंजाब की जनता से अपील की कि वे इस अभियान को एक जनांदोलन बनाकर पंजाब को नशा मुक्त करने में बीजेपी का साथ दें।