Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

MP की प्रियंका का राहुल गांधी ने कराया ऑपरेशन:लिखा- थैंक्यू भैया; फ्लाइट से इंदौर लौटीं, 'छात्रों की गूंज' में किया था मदद का वादा

INT News3 November 2026 at 08:33 pm

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की प्रियंका सेंगर के लिए सालों का इंतजार आखिरकार एक नई उम्मीद में बदल गया है। बचपन में हुए हादसे के कारण एक आंख की रोशनी गंवाने वाली प्रियंका का दिल्ली में ऑपरेशन हो गया है। इलाज के बाद वह घर लौट आई हैं। दिल्ली से वापसी के दौरान प्रियंका ने फ्लाइट से अपना वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए राहुल गांधी का आभार जताया और 'थैंक्यू राहुल भैया' लिखा है। प्रियंका की कहानी कुछ महीने पहले उस समय चर्चा में आई थी, जब इंदौर में 19 अक्टूबर को आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सामने अपनी परेशानी रखी थी। मंच पर बातचीत के दौरान राहुल गांधी की नजर उनकी आंख पर पड़ी। प्रियंका ने बताया था कि महज तीन साल की उम्र में उनकी आंख में चूना चला गया था। इसके बाद से उन्हें एक आंख से बिल्कुल दिखाई नहीं देता। राहुल ने उसी कार्यक्रम में प्रियंका के इलाज का भरोसा दिया था। अब उनकी पहल पर इलाज होने के बाद प्रियंका की जिंदगी में उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है। फ्लाइट से वीडियो जारी कर जाहिर की खुशी इलाज के बाद घर लौटते समय प्रियंका ने फ्लाइट से वीडियो जारी किया। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए राहुल गांधी के प्रति आभार जताया। उनके संदेश में 'थैंक्यू राहुल भैया' के शब्द खास तौर पर चर्चा में हैं। प्रियंका के लिए यह सिर्फ एक ऑपरेशन के बाद घर लौटने का सफर नहीं, बल्कि उस सपने की ओर बढ़ा कदम है, जिसे उन्होंने बचपन से संजोकर रखा था। वह चाहती हैं कि अब दोनों आंखों से दुनिया देख सकें और अपनी पढ़ाई तथा भविष्य के सपनों को नई दिशा दे सकें। तीन साल की उम्र में हुआ था हादसा बड़वानी जिले की सेंधवा तहसील के पाडछा गांव की प्रियंका रहने वाली हैं। जब वह महज तीन साल की थीं, तब उनकी आंख में चूना चला गया था। इस हादसे में उनकी एक आंख की रोशनी चली गई। 12वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान बड़ौदा में उनकी आंख का एक ऑपरेशन कराया गया था। डॉक्टरों ने आगे एक और ऑपरेशन की जरूरत बताई थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण इलाज आगे नहीं बढ़ सका। प्रियंका के पिता उदय सिंह सेंगर किसान हैं। परिवार के पास करीब तीन एकड़ जमीन है, लेकिन सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं होने से खेती से नियमित आमदनी नहीं हो पाती। ऐसे में महंगे इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए संभव नहीं था। कार्यक्रम के बाद टीम ने किया था संपर्क 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम कार्यक्रम के बाद दिल्ली से उनकी टीम की एक महिला ने प्रियंका के परिवार से संपर्क किया और इलाज के लिए दिल्ली आने को कहा। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, समाजसेवी सरदार नरगावे और विधायक विक्रांत भूरिया की ओर से भी परिवार से संपर्क किया गया था। इलाज की प्रक्रिया आगे बढ़ी और प्रियंका को दिल्ली बुलाया गया। हॉस्टल की समस्याओं पर रखी थी बात प्रियंका की पहचान सिर्फ आंख के इलाज की मांग तक सीमित नहीं रही। 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों के सरकारी हॉस्टलों में सीटों की कमी, भोजन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उठाई थीं। उन्होंने बताया था कि कक्षा 1 से 12वीं तक सरकारी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई की। कई बार भोजन की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर घर से लाई लाल मिर्च की चटनी और रोटी खाकर गुजारा करना पड़ता था। उन्होंने हॉस्टल में छात्राओं से वार्डन द्वारा काम करवाए जाने का मुद्दा भी उठाया था। प्रियंका फिलहाल इंदौर में रहकर यूजीसी-नेट की तैयारी कर रही हैं। आंख की परेशानी के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी। ये खबरें भी पढ़ें… 1. राहुल गांधी ने बड़वानी की प्रियंका को दिल्ली बुलाया मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की प्रियंका सेंगर की आंख के इलाज के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टीम ने संपर्क किया है। इंदौर में 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने प्रियंका से मंच पर बातचीत की थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. जेन–जी स्टूडेंट्स के प्रोफेसर बने राहुल हाथ में माइक, पीछे बड़ी स्क्रीन पर चलता पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) और सामने बैठे हजारों छात्र...। इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी का अंदाज एक प्रोफेसर जैसा था। पढ़ें पूरी खबर… 3. इंदौर में 'सिस्टम बनाम स्टूडेंट' की सियासी जंग लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के छात्रों ने भर्तियों, नर्सिंग शिक्षा, शिक्षक भर्ती, आदिवासी इलाकों की स्वास्थ्य सेवाओं और परीक्षा गड़बड़ियों से जुड़े 5 मुद्दे उठाए। पढ़ें पूरी खबर...