समाचार · मध्य प्रदेश
निरीक्षण में शिक्षक स्कूल से मिले गायब:कलेक्टर ने बच्चों को पढ़ाया; शिक्षक पर शराब पीकर आने के आरोप में जांच के दिए निर्देश
डिंडोरी के चौरा माल गांव की प्राथमिक शाला में शनिवार को निरीक्षण के दौरान शिक्षक अनुपस्थित मिले। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जमीन पर बैठकर बच्चों को पढ़ाया और शिक्षक की गैरमौजूदगी पर कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर अधिकारियों के साथ स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंची थीं। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी और जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव भी मौजूद थे। अधिकारियों ने पहले आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। कलेक्टर ने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार और केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर प्राथमिक शाला पहुंचीं। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे और उन्हें पढ़ाया। इस दौरान स्कूल में पदस्थ शिक्षक कमल सिंह मरावी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव को उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की कि शिक्षक लगातार स्कूल से अनुपस्थित रहते हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि शिक्षक शराब के नशे में स्कूल आते हैं। शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।