समाचार · हरियाणा
नारनौल व नांगल चौधरी में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी:दीपावली को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, मिलावटी सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी
हरियाणा के नारनौल में दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने नारनौल और नांगल चौधरी क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। साथ ही दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने डिजिग्नेटेड ऑफिसर डॉ. पुनीत कुमार के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। प्रतिबंधित रंगों और रसायनों का इस्तेमाल न करें निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में प्रतिबंधित रंगों, रसायनों या मिलावटी सामग्री का इस्तेमाल न करें। खाद्य पदार्थों के निर्माण से लेकर भंडारण और बिक्री तक निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें। दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। अधिकारियों ने कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों का FSSAI रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस अनिवार्य रूप से बनवाने के निर्देश भी दिए। डॉ. पुनीत कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं को लेकर विभाग की विशेष निगरानी रहेगी। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खरीदारी करते समय गुणवत्ता का रखें ध्यान खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखें। किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभाग को शिकायत दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।