Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शाजापुर में गाड़ी लगाने की बात पर खूनी संघर्ष:पोलायकलां मंडी में लाठी-डंडे और तलवारें चलीं; तीन घायल

INT News31 October 2026 at 04:48 pm

शाजापुर जिले की पोलायकलां स्थानीय मंडी में शनिवार को गाड़ी लगाने की बात को लेकर एक ही पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। इस दौरान तलवार और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में एक युवक तलवार लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर आया है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोटें आई हैं घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकलां में जारी है।

यहां से शुरू हुआ विवाद

चौकी प्रभारी रमेशचंद्र यादव ने बताया कि मामले में फरियादी शेख सदर पिता शेख यासीन उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम सकराई, थाना सुंदरसी ने शिकायत की है। फरियादी का बोरसाली निवासी निजामुद्दीन उर्फ मुन्ना पिता मुश्ताक खां, कमरुद्दीन पिता मुश्ताक खां, साजिद उर्फ काला पिता निजामुद्दीन, शादाब पिता निजामुद्दीन और हसन खां पिता कमरुद्दीन से गाड़ी लगाने की बात को लेकर विवाद हो गया था।

तलवार और डंडे चलाए

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई बहस ने कुछ ही समय में उग्र रूप ले लिया। इसके बाद विवाद के दौरान तलवार और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। हमले में शेख सदर को तलवार लगने से चोट आई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकलां लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मंडी क्षेत्र में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चौकी प्रभारी रमेशचंद्र यादव के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है।