समाचार · उत्तर प्रदेश
रेलवे का अहम फैसला: महानगरी और बनारस-लोकमान्य तिलक समेत 3 ट्रेनों से हटेगा सुपरफास्ट का दर्जा, जानें नए नंबर और किराया

UP Railways News: मुंबई जाने वाली ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए नए साल में राहत भरी खबर है. रेलवे ने महानगरी, तुलसी और बनारस-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस को लेकर बड़ा फैसला लिया है. एक जनवरी 2027 से इन तीनों ट्रेनों का सुपरफास्ट का दर्जा समाप्त हो जाएगा. इसके बाद ये सामान्य एक्सप्रेस के रूप में संचालित होंगी. इस बदलाव से यात्रियों को टिकट के किराये में राहत मिलेगी. ट्रेनों के नंबर भी बदल जाएंगे और स्लीपर व एसी श्रेणियों का किराया कम हो जाएगा.
1 जनवरी 2027 से बदल जाएंगे ट्रेनों के नंबर
रेलवे के जारी विवरण के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और बनारस के बीच चलने वाली महानगरी एक्सप्रेस का नंबर बदल जाएगा. फिलहाल इस ट्रेन का नंबर 22177 है. एक जनवरी 2027 से इसे बदलकर 11093 कर दिया जाएगा. वहीं, वापसी में बनारस से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस का नंबर 22178 से बदलकर 11094 होगा.
तुलसी एक्सप्रेस के नंबर में भी बदलाव
लोकमान्य तिलक टर्मिनस और अयोध्या कैंट के बीच चलने वाली तुलसी एक्सप्रेस का भी सुपरफास्ट का दर्जा समाप्त होगा. इस ट्रेन का मौजूदा नंबर 22129 बदलकर 11065 हो जाएगा. वहीं, वापसी में अयोध्या कैंट से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 22130 का नया नंबर 11066 होगा. यह बदलाव भी एक जनवरी 2027 से लागू होगा.
बनारस-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के नंबर भी बदले
लोकमान्य तिलक टर्मिनस और बनारस के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 12167 का नया नंबर 11067 होगा. वहीं, वापसी में चलने वाली ट्रेन संख्या 12168 अब 11068 के नाम से संचालित होगी. रेलवे के इस फैसले के बाद महानगरी, तुलसी और बनारस-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलेंगी.
स्लीपर और एसी श्रेणी के किराये में मिलेगी राहत
सुपरफास्ट का दर्जा हटने से यात्रियों को किराये में भी राहत मिलेगी. बनारस-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में छिवकी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक स्लीपर श्रेणी का मौजूदा किराया 650 रुपये है. एक जनवरी 2027 से यह घटकर 620 रुपये हो जाएगा. इसी तरह, एसी थ्री का किराया 1650 रुपये से घटकर 1605 रुपये और एसी टू का किराया 2340 रुपये से कम होकर 2290 रुपये हो जाएगा. इस तरह नये साल से इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को टिकट के किराये में राहत मिलेगी.
Also Read: बनारस से आज दौड़ेगी देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत, रात में पहुंचेगी दिल्ली,CM योगी दिखाएंगे हरी झंडी, पहले दिन स्कूली बच्चे भी करेंगे सफर