समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में स्वामित्व योजना के सर्वे में आधे मकान छूटे:ग्रामवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, दोबारा सर्वे की मांग
बुरहानपुर के ग्राम भोटा फाटा में स्वामित्व योजना के सर्वे में लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के 100 मकानों में से सिर्फ 10 का ही सर्वे किया गया है। बाकी मकानों का सर्वे नहीं होने से कई परिवारों के आवासीय अधिकार के दस्तावेज नहीं बन पा रहे हैं। इससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को आवेदन सौंपकर अपनी समस्या बताई। ग्रामीणों ने कहा कि सर्वे में मकान छूटने के कारण वे आवासीय अधिकार से जुड़े दस्तावेज नहीं बनवा पा रहे हैं। पटवारी ने जिला मुख्यालय जाने को कहा ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने सर्वे में मकान छूटने की शिकायत पटवारी से की थी। पटवारी ने उन्हें शिकायत के लिए जिला मुख्यालय जाने को कहा, जिसके बाद वे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में दोबारा सर्वे कराने और छूटे हुए सभी पात्र मकानों को स्वामित्व योजना में शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि सर्वे पूरा होने पर ही प्रभावित परिवारों को योजना का लाभ मिल सकेगा।