समाचार · मध्य प्रदेश
12 साल का बच्चा स्टॉप डैम में डूबा, मौत:दोस्तों के साथ नहाने गया था, शाजापुर के बेरछा गांव में हादसा
शाजापुर जिले के बेरछा गांव में शनिवार को स्टॉप डैम के गहरे पानी में डूबने से 12 साल के एक बच्चे की जान चली गई। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, बेरछा के रहने वाले दिलावर खान का 12 साल का बेटा दिलशाद अपने दोस्तों के साथ रूल्की रोड पर बने स्टॉप डैम में नहाने गया था। नहाते-नहाते वह अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने जब दिलशाद को डूबते देखा, तो वे घबरा गए और दौड़कर उसके घरवालों को खबर दी।
खबर मिलते ही बच्चे के घरवाले और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मेहनत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत गाड़ी से शाजापुर जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल की खबर पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजन को सौंप दिया गया। मासूम बच्चे की अचानक मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।