समाचार · मध्य प्रदेश
हरदा मंडी में सोयाबीन 7,100 रुपए क्विंटल तक बिकी:एमएसपी से 1,200-1,300 रुपए ज्यादा भाव; महाराष्ट्र-कर्नाटक में कम बारिश से डीओसी की मांग बढ़ी
हरदा जिले की कृषि उपज मंडियों में सोयाबीन 6,700 से 7,100 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रही है। यह सरकार के तय समर्थन मूल्य 5,708 रुपए प्रति क्विंटल से करीब 1,200 से 1,300 रुपए ज्यादा है। भाव में तेजी से किसानों को अपनी उपज के अच्छे दाम मिल रहे हैं। मंडी व्यापारी स्वप्निल अग्रवाल ने बताया कि इस सीजन में सोयाबीन के भाव पहले कभी इतने ऊंचे नहीं रहे। इस साल सोयाबीन का उत्पादन भी पिछले कई सालों के मुकाबले बेहतर है। किसानों का कहना है कि उन्हें उपज के अच्छे दाम मिल रहे हैं। महाराष्ट्र-कर्नाटक में कम बारिश से बढ़ी मांग व्यापारियों के अनुसार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कम बारिश और सूखे के कारण सोयाबीन की मांग बढ़ी है। डीओसी (डी-ऑयल्ड केक) की मांग में भी बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते सोयाबीन के भाव में तेजी आई है। किसान वीर सिंह राजपूत का कहना है कि सोयाबीन के भाव में अभी और तेजी आनी चाहिए। अब तक मंडी में आई 1.34 लाख क्विंटल सोयाबीन मंडी सचिव हरनारायण भिलाला ने बताया कि इस सीजन में अब तक मंडी में सोयाबीन की 1 लाख 34 हजार क्विंटल आवक हो चुकी है। शुक्रवार को मंडी में कुल 23,874 क्विंटल उपज आई थी। इसमें 6,680 क्विंटल सोयाबीन शामिल थी।