समाचार · मध्य प्रदेश
युवा, किसान व भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन, राजगढ़ में भी होंगे
भास्कर संवाददाता | राजगढ़ मध्य प्रदेश कांग्रेस ने युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन युवाओं के भविष्य, किसानों के अधिकार, पारदर्शी शासन और लोकतांत्रिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। आंदोलन के तहत राजगढ़ जिले में भी विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस ने सरकार पर शिक्षा, कृषि, प्रशासनिक जवाबदेही और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में विफल रहने का आरोप लगाते हुए इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की बात कही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने आरोप लगाया कि नीट और सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवादों के बाद विद्यार्थियों को समय पर न्याय नहीं मिला और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी के अनुसार इसी मुद्दे को लेकर ''छात्रों की गूंज'' अभियान चलाया जाएगा। राजगढ़ जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम 7 जुलाई को ब्यावरा, 13 जुलाई को नरसिंहगढ़, 19 जुलाई को खिलचीपुर, 24 जुलाई को राजगढ़ और 27 जुलाई को सारंगपुर में आयोजित होंगे। जुलाई में चरणबद्ध कार्यक्रम : आंदोलन के तहत प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। 9 से 15 जुलाई के बीच ग्राम पंचायत स्तर पर ज्ञापन दिए जाएंगे। 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक साइक्लोथॉन निकाला जाएगा। 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा, जबकि जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में भूमि प्रकरण को लेकर जनआंदोलन और रैली आयोजित होगी। कांग्रेस ने खरीफ सीजन के दौरान किसानों को डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि कई क्षेत्रों में खाद की कमी, कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतें मिल रही हैं। साथ ही पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों की बुवाई प्रभावित हो रही है। मूंग खरीदी में सीमित कोटा और समर्थन मूल्य पर कम खरीद को लेकर भी कांग्रेस ने किसानों को नुकसान होने का दावा किया है। पार्टी ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक आंदोलन चलाया जाएगा।