Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पहली लिस्ट में अमृतसर के 2 AAP विधायकों को टिकट:धालीवाल बोले- 25 हजार वोटों से जीतेंगे; निज्जर ने गिनाए अपने विकास कार्य

INT News31 October 2026 at 03:47 pm

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में अमृतसर जिले की 2 अहम विधानसभा सीटों से पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों पर ही दोबारा भरोसा जताया है। अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल को फिर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। टिकट मिलने के बाद दोनों विधायकों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए पार्टी हाईकमान का आभार जताया और जीत का दावा किया। धालीवाल बोले- इस बार 25 हजार से ज्यादा वोटों से जीतेंगे अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल टिकट मिलने के बाद श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। उन्होंने गुरु घर में माथा टेककर आगामी चुनाव में जीत के लिए अरदास की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी की समूची लीडरशिप का धन्यवाद किया। धालीवाल ने कहा कि 2022 में वह करीब 7,800 वोटों से जीते थे, लेकिन इस बार जनता के समर्थन से 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मुकाबला किसी दूसरी पार्टी से नहीं, बल्कि अपने पिछले रिकॉर्ड से है। पिछली बार पार्टी ने 92 सीटें जीती थीं और इस बार 100 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य है। उन्होंने अकाली दल को लगभग खत्म और भाजपा को पंजाब में बेअसर बताते हुए कांग्रेस में गुटबाजी होने की बात कही। निज्जर ने भांगड़ा कर जताई खुशी वहीं, अमृतसर साउथ से दोबारा टिकट मिलने पर डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर का समर्थकों ने ढोल की थाप पर भांगड़ा डालकर स्वागत किया और लड्डू बांटकर खुशी मनाई। निज्जर ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताते हुए कहा कि दोबारा टिकट मिलने से उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। वह अपनी सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालेंगे। निज्जर ने गिनाए विकास कार्य, भगतांवाला डंप से 9 लाख टन कूड़ा हटाने का दावा निज्जर ने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि भगतांवाला डंप से करीब 9 लाख टन कूड़ा हटाया जा चुका है। हलके में 10 आम आदमी क्लीनिक, नए सरकारी स्कूल, फ्लाइओवर और खेल मैदान बनाए गए हैं। इसके अलावा 750 करोड़ रुपये के नहरी पानी प्रोजेक्ट पर काम जारी है। उन्होंने दावा किया कि जनता विकास के नाम पर वोट देगी और आम आदमी पार्टी दोबारा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।