समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल एयरपोर्ट पर शिवराज की सुरक्षा में चूक:भीड़ में फंसे रहे केंद्रीय मंत्री; बिना सूचना बदला विमान और सीट
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में भोपाल एयरपोर्ट पर बड़ी चूक का मामला सामने आया है। 23 नवंबर को दिल्ली जाने के दौरान Z+ सुरक्षा प्राप्त शिवराज को यात्रियों की भीड़ के बीच एयरोब्रिज पर रुकना पड़ा। एयरलाइन ने बिना पूर्व सूचना विमान और उनकी सीट भी बदल दी थी। इस मामले में शिवराज के सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर ने लिखित रिपोर्ट दी है। इसके आधार पर केंद्रीय कृषि मंत्री के OSD भूपेंद्र सिंह परस्ते ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव IAS श्रीकेश लाठकर को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। एयरोब्रिज पर यात्रियों की भीड़ में फंसे शिकायत के मुताबिक, Z+ सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संबंधित व्यक्ति को दूसरे यात्रियों के विमान में बैठने के बाद बोर्डिंग के लिए ले जाना चाहिए। लेकिन 23 नवंबर को इंडिगो की फ्लाइट 6E-6259 में शिवराज को यात्रियों से भरे एयरोब्रिज की ओर ले जाया गया। वहां भीड़ के कारण उन्हें सुरक्षा घेरे के बीच रास्ते में रुकना पड़ा। बिना बताए विमान और सीट बदल दी शिकायत में कहा गया है कि फ्लाइट नंबर वही रहने के बावजूद इंडिगो ने विमान और शिवराज की सीट बदल दी। इसकी जानकारी उनके कार्यालय या सुरक्षा अधिकारियों को पहले नहीं दी गई। विमान में पहुंचने के बाद सीट बदले जाने का पता चला। एयरपोर्ट पर रिसीव करने भी नहीं पहुंचे अधिकारी शिकायत के अनुसार, शिवराज के एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें रिसीव करने और लगेज संभालने के लिए कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। तत्कालीन ATM सिद्धार्थ यादव और प्रोटोकॉल स्टाफ की गैरमौजूदगी में सुरक्षाकर्मियों को खुद लगेज अंदर ले जाना पड़ा। शिवराज के साथ यात्रा कर रहे सहयात्रियों को भी सुरक्षा जांच और बोर्डिंग के दौरान रोककर पूछताछ की गई। इससे पूरी प्रक्रिया में देरी हुई और यात्रियों को परेशानी हुई। पहले से दी गई थी आने की सूचना रिपोर्ट के मुताबिक, शिवराज के निवास से निकलने से पहले ही CISF के संपर्क अधिकारी, एयरपोर्ट प्रशासन, तत्कालीन ATM और इंडिगो स्टाफ को उनके आने की सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद हुई अव्यवस्था को रिपोर्ट में गंभीर लापरवाही बताते हुए पूर्वाग्रह की आशंका भी जताई गई है। कई एजेंसियों को भेजी शिकायत OSD ने कार्रवाई के लिए पत्र की प्रतियां AAI के महानिदेशक, CISF के महानिदेशक, इंडिगो के महाप्रबंधक (दिल्ली और भोपाल), मध्यप्रदेश के राज्य सत्कार अधिकारी और भोपाल कलेक्टर को भी भेजी हैं।