समाचार · मध्य प्रदेश
मंडला में नर्मदा किनारे शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश:8 प्रकरण दर्ज, 91 हजार 850 रुपए की शराब जब्त; 770 किलो महुआ लाहन नष्ट कराया
मंडला जिले में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने मंगलवार को कार्रवाई की। मंडला शहर के रामबाग में नर्मदा कछार के किनारे शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश दी गई। वहीं, कटरा और बर्राटोला में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग की टीम ने नैनपुर और बिछिया में भी दबिश देकर प्रकरण दर्ज किए। अलग-अलग स्थानों से 30 नग गोवा विदेशी मदिरा, 72 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और 770 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग के मुताबिक, अवैध शराब बनाने और बेचने के मामलों में कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 91 हजार 850 रुपए बताई गई है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक, वृत्त प्रभारी और विभाग का अमला शामिल रहा। विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।