समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में कचरा डालने का विरोध, नपा के वाहन रोके:वार्ड-16 के रहवासियों को मकानों पर जेसीबी चलवाने की धमकी
शिवपुरी नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-16 के बड़ौदी क्षेत्र में बुधवार को स्थानीय रहवासियों ने ट्रेंचिंग ग्राउंड के बाहर कचरा फेंके जाने का विरोध किया। इस दौरान लोगों ने नगर पालिका के कचरा वाहनों को रोक दिया। इससे कई घंटों तक वाहनों की कतार लगी रही। रहवासियों का आरोप है कि जब उन्होंने ट्रेंचिंग ग्राउंड की बाउंड्री के बाहर और मकानों के सामने कचरा डालने का विरोध किया, तो उन्हें मकानों पर जेसीबी चलवाने की धमकी दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड पूरी तरह भर चुका है। इसके कारण नगर पालिका के वाहन अब बाउंड्री के बाहर रिहायशी इलाके में कचरा, मृत पशुओं (सुअर और कुत्ते) तथा सीवर का गंदा मलबा फेंक रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। गंदगी के कारण बच्चे बीमार पड़ रहे
रहवासियों के अनुसार, गंदगी के कारण आसपास रहने वाले बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि ट्रेंचिंग ग्राउंड के बाहर कचरा डालना बंद नहीं किया गया और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से रिहायशी क्षेत्र से गंदगी हटाने और लोगों को राहत देने की मांग की है।