Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

J-TET Exam 2026: 1 नवंबर को दो पालियों में होगी जेटेट, शहर के बाहर बने 12 केंद्र..पढ़ें पूरी खबर

INT News29 October 2026 at 10:39 am

जमशेदपुर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. आगामी एक नवंबर (रविवार) को दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया जायेगा. परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा जांच, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आपूर्ति, यातायात प्रबंधन और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने जैसे कड़े इंतजाम किये हैं.

खासकर जिला मुख्यालय से बाहर स्थित 12 परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की समयबद्ध व सुरक्षित आपूर्ति के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है. बैठक में धालभूम के एसडीएम, अपर उपायुक्त, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, घाटशिला के एसडीएम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे.

रवींद्र भवन में हुई कार्यशाला

जिले के 93 केंद्रों पर परीक्षा के सफल संचालन को लेकर बुधवार को स्थानीय रवींद्र भवन में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग सह कार्यशाला आयोजित की गयी. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जोनल दंडाधिकारी, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, स्टेटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सभी केंद्राधीक्षक शामिल हुए. जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करने का सख्त निर्देश दिया है.

दो पालियों में इस प्रकार होगी परीक्षा

प्रथम पाली (उच्च प्राथमिक स्तर - कक्षा 6 से 8) : सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक द्वितीय पाली (प्राथमिक स्तर - कक्षा 1 से 5) : दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक

प्रशासनिक तैयारियों के मुख्य बिंदु

सुरक्षित प्रश्नपत्र वितरण : उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता सर्वोपरि है. मुख्यालय से दूर स्थित 12 केंद्रों सहित सभी केंद्रों तक प्रश्नपत्रों के परिवहन और वितरण के दौरान तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जायेगा.

प्रवेश और कतार प्रबंधन : केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन सुरक्षा जांच, सुगम प्रवेश और कतारबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि किसी भी तरह की भीड़ या अव्यवस्था से बचा जा सके.

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध : परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.

यातायात और आवागमन पर नजर : परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए शहर में सुगम यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जायेंगे, ताकि परीक्षार्थियों के साथ आम नागरिकों को भी जाम की समस्या से राहत मिल सके.

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और कंट्रोल रूम : परीक्षा के दौरान तकनीकी बाधा या विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है. साथ ही, सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर प्रशासन की विशेष तकनीकी टीम लगातार निगरानी रखेगी.

संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता

एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं. सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है. विशेषकर संवेदनशील परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरती जायेगी और किसी भी अवांछित गतिविधि से सख्ती से निपटा जायेगा.