Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

2017 से पहले शिकायतों की लाइनें, अब बदली UP की तस्वीर! CM योगी ने कोटेदारों का बढ़ाया मान, 90 से 125 किया मार्जिन

INT News17 August 2026 at 03:45 pm

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लिए बड़ी घोषणा की. सरकार ने उनका लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है. इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली की शुरुआत की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाए, इसके लिए सरकार धनराशि का आवंटन करेगी.

पहले राशन व्यवस्था की शिकायतों का जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले राशन वितरण को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें आती थीं. उन्होंने अपने जनता दर्शन का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय एक हजार आवेदनों में करीब 300 आवेदन राशन से जुड़ी विसंगतियों से संबंधित होते थे. अब स्थिति बदल गई है और उनके अनुसार जनता दर्शन में राशन वितरण से जुड़ी एक भी शिकायत नहीं आती. उन्होंने कहा कि यह उचित दर विक्रेताओं के सम्मान की बात है, क्योंकि वे सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं.

व्यवस्था की खामियों का खामियाजा कोटेदारों को भुगतना पड़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले व्यवस्था में खामियों का खामियाजा कोटेदारों को भुगतना पड़ता था. उनका कहना था कि राशन शासन की ओर से नहीं पहुंचता था, लेकिन लोगों की नाराजगी कोटेदारों को झेलनी पड़ती थी. योगी ने दावा किया कि व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के बाद कोटेदारों के प्रति लोगों की धारणा बदली है और अब उन्हें बेवजह कटघरे में खड़ा नहीं किया जा सकता.

कोरोना काल में भी जारी रहा राशन वितरण

सीएम योगी ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि संक्रमण के दौर में जब काम-धंधे बंद थे, तब भी उचित दर विक्रेताओं ने राशन वितरण का काम जारी रखा. उस समय सरकार ने दाल, नमक और तेल वितरण की योजना लागू की थी. मुख्यमंत्री के अनुसार, इस दौरान हर गरीब तक दाल, नमक और तेल पहुंचा और किसी जगह से शिकायत नहीं मिली. उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को सफलतापूर्वक जमीन तक पहुंचाने में उचित दर विक्रेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है.

100 कुंतल राशन पर अब 16,250 रुपये का लाभांश

मुख्यमंत्री ने बताया कि सामान्य तौर पर एक उचित दर विक्रेता के यहां करीब 100 कुंतल राशन का आवंटन हो जाता है. पहले 90 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से इससे करीब 12,750 रुपये की मासिक आय होती थी. अब 125 रुपये प्रति कुंतल की दर से 100 कुंतल राशन वितरित करने पर 16,250 रुपये मिलने की बात उन्होंने कही. सीएम ने स्पष्ट किया कि दुकान चलाने से होने वाला अलग मुनाफा इसमें शामिल नहीं है. उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के मार्जिन मनी में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है.

अन्नपूर्णा भवनों से मजबूत होगी राशन व्यवस्था

सीएम योगी ने उचित दर विक्रेताओं से अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने को कहा. उन्होंने आश्वस्त किया कि इसके लिए सरकार धनराशि का आवंटन करेगी. मुख्यमंत्री के मुताबिक, अन्नपूर्णा भवनों में राशन की दुकान के साथ गोदाम यानी वेयरहाउस की सुविधा भी होगी. उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण जितनी तेजी से आगे बढ़ेगा, राशन वितरण व्यवस्था में उतना ही बेहतर बदलाव देखने को मिलेगा.

Must Read- "सड़क पर पटका सांड, बरेली में बच्ची को नोच डाला कुत्तों का झुंड" UP में आवारा पशुओं का खूनी तांडव, देखिए खौफनाक ग्राउंड रिपोर्ट!