Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Jamshedpur News: लोयोला स्कूल के पास अब इस रास्ते से नहीं जा सकेंगे वाहन, स्कूल प्रबंधन ने लागू किया नया ट्रैफिक प्लान

INT News19 November 2026 at 10:27 am

जमशेदपुर: लोयोला स्कूल के पास छुट्टी के समय लगने वाले जाम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 18 नवंबर से नयी यातायात व्यवस्था लागू की गयी. स्कूल प्रबंधन ने टीएसयूआइएसएल और जिला प्रशासन के साथ विचार-विमर्श के बाद यह ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है. इसके तहत दोपहर एक से दो बजे तक यातायात प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे.

डबल पार्किंग नहीं करने की अपील

स्कूल प्रबंधन की ओर से 14 नवंबर को अभिभावकों के नाम जारी सूचना में बताया गया है कि निर्धारित समय के दौरान बेल्डीह गोल्फ कोर्स और बेल्डीह क्लब के बीच की सड़क बंद रहेगी. इस अवधि में उक्त मार्ग से वाहनों का आवागमन नहीं हो सकेगा. स्कूल की ओर से जारी नक्शे में वैकल्पिक मार्गों को भी दर्शाया गया है, ताकि अभिभावकों और वाहन चालकों को परेशानी न हो. स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे सड़क पर डबल पार्किंग नहीं करें और सुबह स्कूल पहुंचने तथा छुट्टी के समय अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें.

बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने वाले चालकों को भी नयी व्यवस्था की जानकारी देने का आग्रह किया गया है. प्रबंधन ने कहा है कि अभिभावकों के सहयोग से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के साथ बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी.