Friday, 13 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

पंजाब चुनावः कृषि मंत्री समेत 8 विधायक बेटिकट, पंजाबी अभिनेत्री की उम्मीदवारी का ऐलान, AAP की दूसरी लिस्ट

INT News12 November 2026 at 07:22 pm

आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची जारी होने के बाद पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 71 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित हो चुके हैं. इससे पहले 31 अक्टूबर को पार्टी ने पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम जारी किए थे. अब दूसरी सूची में 31 और नाम शामिल किए गए हैं। पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय समीकरण, राजनीतिक पकड़ और चुनावी जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखा है.

एक मंत्री समेत आठ मौजूदा विधायकों को झटका

दूसरी सूची में सबसे ज्यादा चर्चा मौजूदा विधायकों के टिकट कटने को लेकर हो रही है. पार्टी ने आठ विधायकों को दोबारा मौका नहीं दिया है. इनमें कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का नाम भी शामिल है। लंबी विधानसभा सीट से उनकी जगह उनके रिश्तेदार रणधीर सिंह धीरा को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा पट्टी सीट पर पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की जगह नया उम्मीदवार उतारा गया है. भुल्लर पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर चुके थे.

दो मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारा

AAP ने अपनी दूसरी सूची में दो मौजूदा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव लड़ाने का फैसला किया है. संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है. दोनों नेताओं के विधानसभा चुनाव लड़ने के फैसले को पार्टी की अहम रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

इन सीटों पर नए उम्मीदवारों को मिला मौका

पार्टी ने माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र की कई विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. सुजानपुर से सरवन सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल, दीनानगर से शमशेर सिंह और कादियां से गुरइकबाल सिंह महल को उम्मीदवार बनाया गया है. अमृतसर नॉर्थ से करमजीत सिंह रिंटू और जगराओं से सरवजीत कौर माणुके को भी टिकट दिया गया है.

चमकौर साहिब में भी बदला उम्मीदवार

AAP ने चमकौर साहिब विधानसभा सीट पर भी बदलाव किया है. यहां मौजूदा विधायक डॉ चरणजीत सिंह की जगह जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया गया है. जसवीर सिंह गढ़ी बहुजन समाज पार्टी (BSP) छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे. पार्टी का यह फैसला पंजाब में नए राजनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

2027 की जंग के लिए अभी 46 सीटों पर घोषणा बाकी

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं. आम आदमी पार्टी ने पहली और दूसरी सूची मिलाकर अब तक 71 उम्मीदवार घोषित किए हैं. राज्य की 117 विधानसभा सीटों में अभी 46 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम सामने आने बाकी हैं. ऐसे में पार्टी की अगली सूची पर भी सबकी नजरें टिकी रहेंगी.

ये भी पढ़ें: मुंबई को फिर दहलाने की धमकी, निशाने पर अमिताभ बच्चन के बंगले से मेयर ऑफिस तक