समाचार · मध्य प्रदेश
ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर कर्मचारी से 1.19 लाख ठगे:वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा, टास्क और ट्रेडिंग के नाम पर रुपए जमा कराए
इंदौर के कनाड़िया इलाके में निजी कंपनी के कर्मचारी से ऑनलाइन कमाई के नाम पर 1.19 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले उसे अचानक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। इसके बाद टास्क पूरा करने और ट्रेडिंग के जरिए कमाई का झांसा देकर अलग-अलग खातों में रुपए जमा करवाए। बाद में रुपए निकालने के लिए और ट्रेडिंग करने की बात कही गई, तब पीड़ित को ठगी का पता चला। कनाड़िया पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद अनवर बक्श निजी कंपनी में काम करते हैं। 5 अगस्त को उन्हें अचानक वॉट्सऐप ग्रुप DDAC2-12 में जोड़ा गया। ग्रुप में एक नंबर से मैसेज आया। इसमें भेजने वाली ने अपना नाम काव्या बताते हुए खुद को ग्रुप की HR प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि वे ब्रेन वर्क इंडिया नाम से प्रोग्राम चलाते हैं, जिसमें कमाई के कई मौके दिए जाते हैं। इसके बाद काव्या ने एक टास्क दिया। इसमें 120 रुपए के रेटिंग टास्क पूरे कर उनके स्क्रीनशॉट दिए गए नंबरों पर भेजने को कहा गया। अनवर ने तीन-चार बार टास्क पूरा किया। इसके बाद दूसरे नंबर से उनसे नाम-पता पूछा गया और टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने की जानकारी ली गई। इसके बाद लिंक भेजकर उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। 2 हजार जमा किए, 2800 रुपए वापस मिले टेलीग्राम ग्रुप में टास्क के बदले 120 और 240 रुपए देने की बात कही गई। इसके बाद ट्रेडिंग के नाम पर पहले 2 हजार रुपए जमा करने को कहा गया। अमित खुराना नाम के व्यक्ति ने उनसे बात की। अनवर ने 2 हजार रुपए जमा किए, जिसके बाद टास्क पूरा करने पर उन्हें 2800 रुपए वापस मिले। इससे उन्हें भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने 5 हजार रुपए के टास्क का ऑफर दिया और धीरे-धीरे उनसे 26 हजार रुपए और जमा कराए। इसके बाद ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा दिखाते हुए उनसे कुल 1.19 लाख रुपए से अधिक जमा करा लिए गए। रुपए निकालने के लिए और पैसे मांगे बाद में अमित खुराना ने कहा कि बिना ट्रेडिंग किए रुपए नहीं निकाले जा सकते। उसने बताया कि रकम उसके 'सस्पेंशन अकाउंट' में पड़ी रहेगी और रुपए निकालने के लिए और रकम की व्यवस्था करनी होगी। इसके बाद अनवर ने दोस्तों को पूरी बात बताई। दोस्तों ने इसे ऑनलाइन ठगी बताया। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर की। इसके बाद सोमवार को कनाड़िया पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।