समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में पनीर की सब्जी में निकला लोहे का तार:शिकायत पर रेस्टोरेंट संचालक ने नहीं मानी गलती; फूड इंस्पेक्टर जांच करने पहुंचे
भोपाल के जेके रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में पनीर सब्जी के साथ लोहे का तार भी परोस दिया गया। डिनर करने पहुंचे युवकों ने जब दुकानदार से शिकायत की तो उन्होंने गलती नहीं मानी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत की गई। शाम को फूड इंस्पेक्टर की टीम ने जांच की। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात में आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट में भोजन में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिलने की शिकायत की जांच की गई। पनीर सब्जी में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिला था। यहां जांच एवं निरीक्षण कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रतिष्ठान में तैयार पनीर की सब्जी, दाल की सब्जी एवं चावल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। बता दें, बुधवार रात में यहां युवक डिनर करने पहुंचे थे। पनीर और तेल के सैंपल किए संग्रहित राजोरिया रेस्टोरेंट के समीप स्थित डीके राजोरिया रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। यहां से पनीर एवं सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। डीके राजोरिया रेस्टोरेंट से संग्रहित सोयाबीन तेल पैक्ड अवस्था में पाया गया। प्रतिष्ठान संचालक ने यह तेल हनुमानगंज स्थित हे राम नामक प्रतिष्ठान से खरीदा था। संचालकों को हिदायत-सही भोजन दें खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं परोसने के दौरान स्वच्छता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेस्टोरेंट संचालकों की जिम्मेदारी केवल रिसेप्शन पर बैठकर बिल बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें स्वयं किचन में जाकर कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, खाद्य पदार्थों की तैयारी एवं साफ-सफाई की नियमित निगरानी भी करनी चाहिए। किचन की नियमित निगरानी एवं प्रभावी प्रबंधन से इस प्रकार की लापरवाही और भोजन में बाहरी वस्तुओं के पाए जाने जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है। नमूनों को जांच के लिए लैब भेजेंगे संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।