Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कोपे जंगल में लापता युवक का शव मिला:पास मिली शराब-पानी की बोतल, हत्या की आशंका

INT News14 July 2026 at 05:44 pm

बालाघाट के वारासिवनी थाना क्षेत्र के कोपे जंगल में एक लापता युवक का शव बुधवार को मिला। युवक की पहचान डोंगरिया निवासी राजेंद्र शरणागत के रूप में हुई है, जो मंगलवार दोपहर से लापता था। शव के पास शराब, पानी की बोतल और मांस की हड्डियां मिली हैं। मृतक के गले पर निशान देखे गए हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। राजेंद्र शरणागत विवाहित थे। मृतक के रिश्तेदार योगेश ठाकरे ने बताया कि राजेंद्र उनके मामा के दामाद थे। उन्हें व्हाट्सएप पर फोटो देखने के बाद जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने अन्य रिश्तेदारों से शव की शिनाख्त कराई। योगेश ने बताया कि राजेंद्र मंगलवार दोपहर से लापता थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं और पीएम रिपोर्ट तथा विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।