समाचार · मध्य प्रदेश
ग्रामीण पर बाघ के हमले के बाद जंगल में सर्चिंग:BTR में दो हाथियों समेत 15 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी निगरानी में जुटे
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र के सेमरा-सेमरी जंगल में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता है। रविवार को जंगल के पास बाघ को देखने पहुंचे एक ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया था। घायल ग्रामीण का मानपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो हाथियों से जंगल में सर्चिंग घटना के बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बाघ की तलाश और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए टीम तैनात की है। झाड़ियों और घने वन क्षेत्र में बाघ की तलाश के लिए दो हाथियों की मदद ली जा रही है। 15 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी वाहनों से अलग-अलग इलाकों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों को जंगल से दूर रहने की सलाह वन विभाग की टीम ग्रामीणों को बाघ देखने के लिए जंगल की ओर जाने से रोक रही है। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र की घेराबंदी भी की गई है। टीम बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उसके गांव की ओर आने की संभावना को भी देखते हुए निगरानी कर रही है। अभी बाघ नहीं आया नजर मानपुर बफर रेंज के रेंज अधिकारी अंकित सोनी ने सोमवार को बताया कि बाघ की निगरानी के लिए टीम तैनात है। अभी बाघ दिखाई नहीं दिया है, लेकिन लगातार उसकी तलाश की जा रही है। बाघ गांव की ओर न आए, इसके लिए हाथियों की मदद से भी जंगल में निगरानी रखी जा रही है।