समाचार · पंजाब
बरनाला के इंस्पेक्टर को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक:गैंगस्टरों को पकड़ने में निभाई थी भूमिका, SSP बोले- यह पुलिस के लिए गौरव का क्षण
बरनाला पुलिस के सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर बलजीत सिंह को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। गैंगस्टरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और कई जटिल मामलों को सुलझाने में उनकी अहम भूमिका को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इंस्पेक्टर बलजीत सिंह लंबे समय से सीआईए स्टाफ में सेवाएं दे रहे हैं और अपनी कार्यकुशलता, बहादुरी तथा पेशेवर क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनकी इस उपलब्धि को बरनाला पुलिस के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। SSP बोले- पदक मिलना पुलिस विभाग के लिए सम्मान की बात जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) मोहम्मद सरफराज आलम ने बलजीत सिंह को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलना पूरे पुलिस विभाग के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान कई संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण मामलों को सफलतापूर्वक सुलझाया है। एसएसपी ने हाल के गैंगस्टर विरोधी अभियानों और एनकाउंटर ऑपरेशनों का उल्लेख करते हुए कहा कि बलजीत सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कई खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे तक पहुंचाया। सम्मान मिलने के बाद इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों और टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण, ईमानदारी तथा जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा।