समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में स्पोर्टस बाइक राइडर युवती को मारी टक्कर:सड़क पर चिंगारियां निकालते हुए घिसटती रही बाइक, कार सवार युवकों ने रुकने का इशारा किया
गुरुग्राम में पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर राइडिंग के लिए निकली एक महिला स्पोर्ट्स बाइक राइडर को कार सवार युवकों ने सरेराह टक्कर मार दी। युवकों ने पहले उन्हें इशारा करके रूकने को कहा था, लेकिन युवती ने किसी अनहोनी की आशंका के चलते अपनी बाइक नहीं रोकी। जिसके बाद युवकों ने ओवरटेक कर उसे करीब कार लाकर टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
युवती के ग्रुप में शामिल बाइक राइडर्स ने उनका पीछा भी किया, लेकिन एक ट्रैफिक लाइट पर उनकी बाइक को चकमा देकर आरोपी फरार हो गए। यह पूरी घटना बाइक में लगे एक्शन कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर इस भयावह हादसे का वीडियो साझा किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। राइड के दौरान मनचलों की करतूत जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती की पहचान सिया के रूप में हुई है, जो एक पेशेवर बाइक राइडर हैं। रविवार की सुबह वह अपने दोस्तों के ग्रुप के साथ स्पोर्ट्स बाइक पर वीकेंड राइड के लिए निकली थीं। जब उनका ग्रुप गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार कार उनके पैरलल चलने लगी। चश्मदीदों और वीडियो के अनुसार, कार में सवार युवक कथित तौर पर नशे में धुत थे। उन्होंने पहले खिड़की से हाथ देकर सिया को रुकने का इशारा किया। सुबह के वक्त सुनसान सड़क पर अज्ञात युवकों की नीयत भांपते हुए सिया ने बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ने का फैसला किया। रोकने में नाकाम रहे तो मार दी टक्कर युवती द्वारा नजरअंदाज किए जाने पर कार सवार युवकों ने कार उसके पीछे दौड़ा दी। उन्होंने आगे जाकर उनकी स्पोर्ट्स बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिया चलती गाड़ी से सीधे बीच ट्रैफिक वाली मुख्य सड़क पर जा गिरीं। गनीमत यह रही कि संडे राइडिंग के कड़े नियमों का पालन करते हुए सिया ने हाई-क्वालिटी सेफ्टी गियर और राइडिंग सूट पहन रखा था। इस सुरक्षा कवच के कारण इतनी खतरनाक गिरावट के बावजूद उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गईं। कैमरे में कैद हुई वारदात, आरोपी फरार यह पूरी खौफनाक वारदात सिया की बाइक और उनके साथी राइडर के हेलमेट कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सिया के गिरते ही कार सवार युवकों ने रफ्तार बढ़ाई और मौके से भागने लगे। सिया के एक दोस्त ने तुरंत अपनी बाइक से आरोपी कार का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण कार सवार ट्रैफिक का फायदा उठाकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहे। सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा सिया ने इस हादसे का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हुए गुरुग्राम में महिला राइडर्स की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि गोल्फ कोर्स रोड पर हुड़दंग और स्टंटबाजी की पहले भी हो चुकी हैं, जिन पर सख्त प्रशासनिक लगाम लगाना बेहद जरूरी है।