Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

यमुनानगर में 32 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर:लाल रंग की कार में लेकर पहुंचे थे, पिहोवा के व्यक्ति को देनी थी खेप

INT News19 August 2026 at 05:54 pm

यमुनानगर में सीआईए-2 की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैल बाईपास के पास नाकाबंदी कर लाल रंग की कार से 6 किलो 430 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की कीमत करीब 32 लाख रुपये है। मामले में अफीम लेकर जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के आधार पर अफीम के खरीदार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि जिले में एक साथ इतनी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद होने का यह पहला मामला है। गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल निवासी कमल बहादुर और उत्तराखंड निवासी राजेश रावत शामिल हैं, जबकि खरीदार की पहचान यशपाल उर्फ रवि निवासी पिहोवा, कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। कार रोकते ही भागने की कोशिश डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि सीआई-2 की टीम को सूचना मिली थी कि लाल रंग की कार में सवार कुछ लोग नशीला पदार्थ लेकर कैल बाईपास के रास्ते से गुजरेंगे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कैल बाईपास पर नाकाबंदी की। पुलिस के अनुसार, करीब 15-20 मिनट बाद लाल रंग की उत्तराखंड नंबर की आई-10 कार जगाधरी की तरफ से आती दिखाई दी। रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सड़क पर अधिक यातायात होने के कारण वह कार को तुरंत नहीं मोड़ सका। पुलिस टीम ने कार को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। पूछताछ में चालक की पहचान राजेश रावत निवासी गांव माकूड़ी, जिला उत्तरकाशी, उत्तराखंड और उसके साथ बैठे व्यक्ति की पहचान कमल बहादुर निवासी गांव बागेश्वरी टोल, जिला बरदियाबहरी, नेपाल के रूप में हुई। दोनों के अलग-अलग बैग से मिली अफीम पुलिस ने मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाकर दोनों आरोपियों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमल बहादुर के बैग से 3 किलो 280 ग्राम और राजेश रावत के बैग से 3 किलो 150 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस तरह दोनों से कुल 6 किलो 430 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मिले बैग, पर्स, नकदी और अन्य सामान को कब्जे में लिया गया। दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन और लाल रंग की कार को भी पुलिस ने जब्त किया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई। पूछताछ में खरीदार का नाम सामने आया डीएसपी रजत गुलिया के अनुसार, दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि यह अफीम कुरुक्षेत्र के पिहोवा निवासी यशपाल उर्फ रवि को सप्लाई की जानी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए यशपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। डीएसपी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपियों के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। अफीम कहां से लाई जाती थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।