Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पार्षद ने निजी खर्च से भरवाए सड़क के गड्ढे:लाल मिट्टी डलवाकर ठीक कराया रास्ता, वार्ड में 8 हैंडपंप, बेंच और लाइटें भी लगवाईं

INT News26 October 2026 at 04:58 pm

शिवपुरी जिले के खनियांधाना नगर परिषद के वार्ड 8 में निर्दलीय पार्षद मनीराम अहिरवार ने अपने निजी खर्च से नहर वाले रास्ते के गड्ढे भरवाए हैं। उन्होंने वार्ड में 8 हैंडपंप, सीमेंट की कुर्सियां और कई जगहों पर लाइटें भी लगवाई हैं। नहर वाले रास्ते पर गहरे गड्ढे होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। खासकर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने और स्कूली बच्चों को दिक्कतें आती थीं। पार्षद ने जेसीबी की मदद से इन गड्ढों में लाल मिट्टी भरवाई, जिससे लोगों को राहत मिली है। वार्ड में लोगों के बैठने के लिए बड़ी माता मंदिर, नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, टेकरी सरकार और क्रिश्चियन स्कूल के सामने शहीद बाड़ा समेत कई जगहों पर सीमेंट की कुर्सियां रखी गई हैं। पार्षद के अनुसार, पेयजल की समस्या दूर करने के लिए उन्होंने अपने खर्च से 8 हैंडपंप लगवाए हैं। इन कामों से पार्षद मनीराम अहिरवार वार्ड की स्थानीय समस्याओं को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।