Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

गोल्डन टेंपल में एससी आयोग चेयरमैन गढ़ी नतमस्तक:सरबत के भले की अरदास की; कहा-बरनाला लाठीचार्ज मामले में रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई

INT News8 August 2026 at 03:46 pm

पंजाब एससी आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने आज अमृतसर के गोल्डन टेंपल में नतमस्तक होकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने सरबत के भले के लिए अरदास की। मीडिया से बातचीत करते हुए जसबीर सिंह गढ़ी ने कहा कि गुरु घर पूरी मानवता को बराबरी, प्रेम, आपसी सहयोग और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गोल्डन टेंपल ऐसा पवित्र स्थान है, जहां हर वर्ग और हर धर्म के लोग बिना किसी भेदभाव के नतमस्तक होते हैं। गढ़ी ने कहा कि गुरु साहिबानों ने सदियों पहले समाज से जात-पात और भेदभाव की दीवारों को खत्म करने का संदेश दिया था। संगत और पंगत की परंपरा के जरिए हर व्यक्ति को समानता का दर्जा दिया गया। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में समानता और हर व्यक्ति के सम्मान की भावना को मजबूत करना समय की जरूरत है। नागरिकों को दिए गए समानता के अधिकारों का जिक्र भारतीय संविधान में नागरिकों को दिए गए समानता के अधिकारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु साहिबानों की विचारधारा इंसान को बराबरी और सम्मान के साथ जीवन जीने का रास्ता दिखाती है। समाज से हर तरह के भेदभाव को खत्म करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज का लिया संज्ञान वहीं, बरनाला में सफाई कर्मचारियों से जुड़े मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में एससी आयोग के चेयरमैन ने कहा कि आयोग ने इस मामले का 'सुओ मोटो' (Suo Motu) नोटिस लिया है। उन्होंने बताया कि मामले में संबंधित डीएसपी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। गढ़ी ने कहा कि पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। आयोग मामले को गंभीरता से देख रहा है। प्रशासन से मांगी गई रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।