Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

तोशाम में एसडीएम ने ड्रेनेज सिस्टम का किया औचक निरीक्षण:अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश, बोले- पानी निकासी में लापरवाही नहीं

INT News9 August 2026 at 05:57 pm

भिवानी जिले के तोशाम में एसडीएम संदीप कुमार ने रविवार को अधिकारियों के साथ क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम और सीवरेज व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कस्बे और खेतों से गंदे व बरसाती पानी की निकासी के त्वरित और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। एसडीएम संदीप कुमार ने बस स्टैंड के पास स्थित जोहड़, जल घर में गंदे पानी के बूस्टिंग स्टेशन और तोशाम-बवानी खेड़ा रोड पर बरसाती व गंदे पानी की निकासी के लिए बनी ड्रेन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मैन बाजार से माता वाली गली तक जल निकासी व्यवस्था जांची निरीक्षण के दौरान, उन्होंने तोशाम कस्बे में पेयजल और गंदे व बरसाती पानी की निकासी के प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने पोस्ट ऑफिस, मैन बाजार, माता वाली गली और पार्क वाली गली सहित बस स्टैंड के पास वाले जोहड़ से पानी निकासी के बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता रमेश कुमार और दीपक कुमार, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ विक्रम पूनिया और पंचायत एवं विकास विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।