Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,VIDEO में 10 बड़ी खबरें:रेप आरोपी को पंथ से निकाला, पड़ोसी के घर में छिपी पत्नी की हत्या; युवक-युवती ने जहर जहर निगला

INT News20 September 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़ी रही। श्री अकाल तख्त साहिब ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (SGPC) के सदस्य अमरजीत सिंह चावला को पंथ से निष्कासित कर दिया है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. रेप के आरोपी SGPC सदस्य को पंथ से निकाला अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में 5 सिंह साहिबान ने अनैतिक संबंध रखने के आरोप में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (SGPC) के सदस्य अमरजीत सिंह चावला को पंथ से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही अकाल तख्त के एडिशनल हेड ग्रंथी मलकीत सिंह को भी अश्लील चैट करने के आरोप में पंथ से निकाला गया है। ये दोनों किसी भी धार्मिक संस्था में शामिल नहीं हो सकेंगे और न ही कोई धार्मिक सेवा कर सकेंगे। जत्थेदार ने सभी सदस्यों और SGPC समेत सभी सिख संस्थाओं, जत्थेबंदियों और संप्रदायों को आदेश दिया कि अपना चरित्र साफ और शुद्ध रखें। जत्थेदार ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि कोई व्यक्ति इस तरह के आचरण में शामिल है, तो उसे पीछे हट जाना चाहिए, ताकि किसी भी संस्था पर कोई दाग न लगे। (पढ़ें पूरी खबर) 2. पड़ोसी के घर में छिपी पत्नी की पति ने हत्या की फरीदकोट जिले के गांव कोहारवाला में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी बचने के लिए पड़ोस के घर में चली गई थी। लेकिन आरोपी पति ने पड़ोसी के घर में घुसकर पत्नी पर तेजधार हथियार (किरच) से कई वार किए। मृतका की पहचान 30 वर्षीय सरबजीत कौर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पति गुरजंट सिंह शराब का आदी है। परिजनों के मुताबिक गुरजंट सिंह अकसर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। बीती रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आधी रात को गुरजंट सिंह छत के रास्ते पड़ोसियों के घर में दाखिल हुआ। इसके बाद पत्नी की हत्या कर दी। दंपती की दो बेटियां और एक बेटा है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. कांग्रेसी सरपंच के भाई की गोलियां मारकर हत्या गुरदासपुर में स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने कांग्रेसी सरपंच के भाई की गोलियां मारकर हत्या कर दी। उसके सिर-चेहरे, छाती और पेट में गोलियां मारी गईं। जिस वक्त ये वारदात हुई, सरपंच के भाई बाइक पर धार्मिक समागम में माथा टेककर घर लौट रहे थे। सरपंच के भाई पर करीब 3 महीने पहले भी हमलावरों ने फायरिंग की थी लेकिन तब उनकी जान बच गई थी। मरने वाले युवक की एक साल पहले ही शादी हुई थी। इस हत्याकांड को गैंगवार से जोड़ा जा रहा है। आकाश गैंग की तरफ से हत्या की जिम्मेदारी को लेकर पोस्ट भी की गई है। हालांकि वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों पर पहले से केस दर्ज हैं। मरने वाले पर भी 27 केस दर्ज थे। यह आपसी रंजिश हो सकती है। आरोपियों की पहचान की जा चुकी है, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 4. ASI की हत्या करने वाला शूटर मुठभेड़ में ढेर अमृतसर में पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह की हत्या करने वाले एक शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि शनिवार देर दोनों स्कूटी पर बैठकर जा रहे थे। पुलिस टीम ने नाके पर रुकने को कहा तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। क्रॉस फायरिंग में CIA के जवान की छाती में गोली लगी लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट से उसकी जान बच गई। वहीं पुलिस की गोली से एक शूटर दीपक ढेर हो गया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में साजिश के तार पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से जुड़ने की बात सामने आई है। आरोपियों को पैसे और नशे के कारोबार में हिस्सेदारी का लालच दिया गया था। (पढ़ें पूरी खबर) 5. गैंगस्टर काली पर पुलिस-जेल अफसरों में टकराव कुख्यात गैंगस्टर रविंदर सिंह उर्फ काली को लेकर चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल प्रशासन और मोहाली पुलिस आमने-सामने हो गई है। मोहाली पुलिस का दावा है कि बुड़ैल जेल में बंद काली जेल से रंगदारी नेटवर्क चला रहा है। काली खुद फोन कर रंगदारी मांग रहा है। मोहाली पुलिस के इस दावे को बुड़ैल जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट प्रमोद खत्री ने सिरे से खारिज कर दिया। खत्री ने कहा कि काली जब से जेल में बंद है, उसकी हर मूवमेंट पर पुलिस की नजर है। उससे कोई मिलने भी नहीं आता, ऐसे में वह जेल से नेटवर्क कैसे चला सकता है। सबूत हों तो बताएं वर्ना जेल को बदनाम नहीं करना चाहिए। मोहाली पुलिस अपने दावे के बदले सबूत दे। पंजाब में रंगदारी के लिए फायरिंग करने वालों को पकड़ने के बाद पंजाब पुलिस ज्यादातर जेल से नेटवर्क चलाने का दावा करती है। ये पहली बार है कि किसी जेल अफसर ने इसे नकारा हो। (पढ़ें पूरी खबर) 6. युवक-युवती ने निगला जहर, युवती की मौत बठिंडा में रविवार सुबह बस स्टैंड के पास एक युवक व युवती ने जहरीली चीज निगल लr। राहगीरों ने इसकी जानकारी सहारा जनसेवा की टीम को दी। सहारा टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवक व युवती को उपचार के लिए सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया। जहां पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने युवती को मृतक घोषित कर दिया, जबकि युवक की गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बठिंडा के लिए रेफर कर दिया है। करीब साढ़े 12 बजे बस स्टैंड की बैक साइड पर दोनों बेसुध मिले थे। युवक की पहचान गांव कोटफत्ता निवासी 20 वर्षीय कृष्ण सिंह के रूप में हुई। वहीं युवती की अभी पहचान नहीं हो सकी है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. नए घर की पार्टी में ताबड़तोड़ फायरिंग लुधियाना में नए मकान की खुशी में चल रही पार्टी के दौरान फायरिंग कर दी गई। ये फायरिंग जमीन विवाद की रंजिश में की गई। करीब 15 से 20 हथियारबंद हमलावरों ने कार से पहले दीवार तोड़ी और फिर पार्टी कर रहे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में दो युवक घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो गाड़ी भी गोलियों से छलनी हो गई। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर 4 नामजद आरोपियों समेत करीब 12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना गांव कुलियेवाल में सामने आई। पीड़ित अंकुश चोपड़ा उर्फ शालू ने बताया कि 19 सितंबर की रात वे अपने दोस्त के नए मकान बनने की खुशी में राजू डेयरी फार्म में पार्टी कर रहे थे। रात करीब 12 बजे बाहर सड़क पर जोरदार धमाके की आवाज आई। जब वे दीवार गिरने की वजह देखने बाहर पहुंचे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकियां देते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. भाजपा की नशामुक्ति यात्रा के बीच विवादित पोस्टर फाजिल्का में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ से पहले विवादित पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों में भाजपा से सवाल किए गए। घटना के बाद भाजपा पार्षदों ने पोस्टरों को फाड़ दिया। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इन पोस्टरों पर भाजपा से सवाल करते हुए लिखा गया था कि “पंजाब में भाजपा गुजरात से नशे की तस्करी क्यों करवा रही है?”। भाजपा के जिलाध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज ने कहा कि पंजाब में गली गली नशा बिक रहा है, जिसके खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोला है। लेकिन सत्ताधारी सरकार को भाजपा का ये कदम पच नहीं रहा है। इसलिए उनके द्वारा ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे है। काका कंबोज ने कहा कि यूपी जैसे राज्य में भाजपा ने गैंगस्टरों और गैरकानूनी गतिविधियों का सफाया कर दिया तो पंजाब क्या है। लोगों को उम्मीद है कि अब भाजपा पंजाब में नशे का खात्मा कर सकती है, जिसको लेकर अब लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 9. ईंट मारकर युवक की हत्या, परिजनों ने रोड जाम किया लुधियाना में शराब के नशे में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने ईंट मारकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजनों ने फिरोजपुर रोड पर चक्का जाम कर दिया। करीब 30 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। परिजनों ने बताया कि युवक की मौत के बावजूद पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़ने में टालमटोल कर रही थी, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और युवक की मौत के आधार पर तुरंत हत्या की धाराएं जोड़ने और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मृतक के भाई अमरीक सिंह ने बताया कि बड़ा भाई जसप्रीत सिंह (38) शराब पीने का आदी था। 15 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे वह शराब के नशे में घर आया और अपने ही परिवार को गालियां देने लगा। झगड़े के डर से परिजनों ने घर का मुख्य गेट अंदर से बंद कर लिया। इस दौरान जसप्रीत बाहर सड़क पर खड़े होकर ही चिल्ला रहा था। पड़ोसियों को लगा उन्हें गालियां दे रहा। पड़ोसी बाहर आए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. यात्री को ChatGPT से गांव ढूंढकर घर पहुंचाया पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में गोल्डन टेंपल माथा टेकने गए लुधियाना के बुजुर्ग साथियों से बिछड़ गए। वह गलती से ट्रेन में बैठकर बिहार पहुंच गए। वहां के एक युवक ने उन्हें भटकते हुए देखा। उन्होंने बुजुर्ग से बात की लेकिन उन्हें सिर्फ अपने गांव का नाम ही याद था। युवक ने उन्हें 4 दिन अपने घर पर रखा। युवक ने पहले गूगल मैप से उनका घर ढूंढने की कोशिश की। जब कामयाबी नहीं मिली तो ChatGPT से मदद ली। इसके बाद शनिवार को वह बुजुर्ग को लुधियाना में घर ले आए। यह देखकर बुजुर्ग का पोता इतना भावुक हुआ कि बिहार के युवक के पैरों में गिर पड़ा। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)