Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ताप्ती बैराज पाइपलाइन से 20 फीट ऊंचा फव्वारा फूटा:बैतूल से 12 किमी दूर कन्हैया कोल के पास रिसाव, लाखों लीटर पानी बर्बाद

INT News26 October 2026 at 04:42 pm

बैतूल शहर की पेयजल सप्लाई के लिए ताप्ती बैराज से आने वाली 22 किलोमीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन में एक बार फिर आज सोमवार बड़ा लीकेज सामने आया है। बैतूल से करीब 12 किलोमीटर दूर खेड़ी के जंगल में कन्हैया कोल और क्रेशर के पास पाइपलाइन के प्रेशर वॉल्व या ज्वाइंट से पानी तेज दबाव के साथ फव्वारे की तरह निकल रहा है। करीब 20 फीट ऊंचाई तक उठ रहे पानी के इस फव्वारे से लगातार पानी बर्बाद हो रहा है। स्थानीय समाजसेवी मनोहर अग्रवाल के मुताबिक, चिचढ़ाना और क्रेशर के बीच जंगल में पिछले दो दिनों से पानी इसी तरह बह रहा है। पहले भी हो चुका पानी बर्बाद ताप्ती बैराज से शहर में रोजाना करीब 50 लाख लीटर पानी पंप किया जाता है। सितंबर में भी इसी पाइपलाइन के दो स्थानों पर लीकेज के कारण रोज करीब 5 लाख लीटर पानी बर्बाद होने की बात सामने आई थी। उस समय नगर पालिका ने स्थायी सुधार के लिए पक्का स्ट्रक्चर बनाने और नई एजेंसी से काम कराने की योजना बताई थी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार था। अब एक बार फिर पाइपलाइन से पानी बहने की घटना ने मरम्मत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वाटर वर्क्स की जिम्मेदारी देख रहे सब इंजीनियर राहुल शर्मा ने बताया कि शनिवार को भी किसी ने पाइपलाइन तोड़ दी थी, जिसे ठीक करवा लिया गया था। उन्होंने कहा कि आज सोमवार को हुई घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौजूदा लीकेज के कारण शहर की पानी की सप्लाई प्रभावित होगी या नहीं। हालांकि, पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण शहर तक पहुंचने वाले पानी की मात्रा कम होने की आशंका है। एक ओर नगर पालिका ताप्ती बैराज में पानी रोकने और उपलब्ध जल को बचाने के प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्य पाइपलाइन से पानी की बर्बादी रोकने की चुनौती बनी हुई है।