समाचार · पंजाब
टीम वर्क, इंटरव्यू की तैयारी करना सिखाया
जालंधर | मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज जालंधर के ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग विभाग में फिनिशिंग स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशाल टूल इंडस्ट्री, जालंधर के परचेज मैनेजर इंजी. ऋषभ शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। इंजी. ऋषभ शर्मा ने फिनिशिंग स्कूल कार्यक्रम की उपयोगिता बताते हुए व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद कौशल, टीम वर्क, आत्मविश्वास, साक्षात्कार की तैयारी और रिज्यूम तैयार करने से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी दी। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं, नौकरी के लिए जरूरी कौशल और कार्यस्थल पर अपनाए जाने वाले व्यावसायिक तौर-तरीकों पर भी चर्चा की। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि फिनिशिंग स्कूल जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने में सहायक हैं। विभाग के इंचार्ज गौरव शर्मा ने विद्यार्थियों को व्याख्यान से मिली जानकारी को जीवन और करियर में अपनाने के लिए प्रेरित किया।